अरुणाचल प्रदेश: भारत-म्यांमार सीमा पर सुरक्षा बलों और उग्रवादियों के बीच मुठभेड़

by Manu
असम राइफल्स म्यांमार उग्रवादियों मुठभेड़

लोंगडिंग, 07 जून 2025: अरुणाचल प्रदेश के लोंगडिंग जिले में भारत-म्यांमार सीमा के पास पोंगचाऊ सर्कल में गुरुवार (5 जून 2025) को भारतीय सुरक्षाबलों और संदिग्ध उग्रवादियों के बीच तीखी गोलीबारी हुई। रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता ने बताया कि खुफिया जानकारी के आधार पर भारतीय सेना और असम राइफल्स की टुकड़ियों ने सीमा पर गश्त शुरू की थी।

जंगल में गश्त के दौरान सुरक्षाकर्मियों ने कुछ हथियारबंद लोगों को देखा और उन्हें चुनौती दी। जवाब में उग्रवादियों ने भारी हथियारों से अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी। भारतीय जवानों ने तुरंत जवाबी कार्रवाई की, जिसके बाद तीव्र गोलीबारी हुई। इस दौरान उग्रवादी घने जंगल और कठिन भूभाग का फायदा उठाकर म्यांमार की ओर भाग गए।

सुरक्षाबलों ने इलाके की गहन तलाशी ली, लेकिन उग्रवादी सीमा पार करने में कामयाब रहे। इस घटना ने भारत-म्यांमार की 1,643 किमी लंबी खुली सीमा पर सुरक्षा चुनौतियों को फिर से उजागर किया है। क्षेत्र में शांति और स्थिरता बनाए रखने के लिए सुरक्षाबल हाई अलर्ट पर हैं और नागरिक प्रशासन व खुफिया एजेंसियों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं। म्यांमार सीमा पर लगातार ऐसी घुसपैठ की प्रयास होती रहती है।

ये भी देखे: Manipur: सुरक्षा बलों ने मणिपुर में विभिन्न उग्रवादी समूहों के 9 सदस्य गिरफ्तार

You may also like