अयोध्या, 05 जून 2025: अयोध्या के श्री राम जन्मभूमि मंदिर में 5 जून 2025 को एक ऐतिहासिक और भव्य आयोजन हुआ, जिसमें मंदिर की पहली मंजिल पर राम दरबार और परिसर के सात अन्य मंदिरों की प्राण प्रतिष्ठा संपन्न हुई। इस दौरान राम दरबार की पहली तस्वीर सामने आई, जिसमें मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम, माता जानकी, लक्ष्मण जी और हनुमान जी की प्रतिमाएं स्थापित की गईं।
राम दरबार में सीएम योगी आदित्यनाथ ने की आरती
प्राण प्रतिष्ठा का यह अनुष्ठान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उपस्थिति में 101 वैदिक आचार्यों द्वारा संपन्न हुआ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्राण प्रतिष्ठा से पहले राम दरबार के समक्ष पूजा-अर्चना की। मंदिर को इस अवसर पर भव्य रूप से सजाया गया था, और देश-विदेश से हजारों श्रद्धालु इस पवित्र क्षण के साक्षी बनने अयोध्या पहुंचे। महंत मिथिलेश नंदिनी शरण ने इस आयोजन को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि एक संन्यासी के रूप में मुख्यमंत्री ने प्रदेश के आध्यात्मिक मूल्यों को न केवल समझा, बल्कि उन्हें ऊर्जावान भी बनाया।
प्रशासन का पुख्ता इंतजाम
प्रशासन ने इस भव्य समारोह के लिए सुरक्षा और व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए। मंदिर परिसर में एक छोटा पंडाल भी सजाया गया। एसपी सुरक्षा बलरामाचारी दुबे और मंदिर निर्माण प्रभारी गोपाल राव ने सभी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया, ताकि श्रद्धालुओं को किसी असुविधा का सामना न करना पड़े। यह आयोजन राम मंदिर के इतिहास में एक और महत्वपूर्ण पड़ाव साबित हुआ, जिसने श्रद्धालुओं में उत्साह और आध्यात्मिक उमंग का संचार किया।
ये भी देखे: अयोध्या में राम दरबार की प्राण प्रतिष्ठा 5 जून को होगी, भव्य तैयारियां शुरू