बठिंडा, 30 मई 2025: पंजाब सरकार ने अवैध शराब के कारोबार पर कड़ा प्रहार करते हुए बठिंडा में एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में लागू ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत, गुरुवार रात कोट शमीर के पास एक ढाबे के निकट पंजाब एक्साइज विभाग ने दो ट्रकों से 80,000 लीटर एक्स्ट्रा न्यूट्रल अल्कोहल (ENA) जब्त किया।
ये ट्रक गुजरात के नंबर प्लेट वाले थे और गुरदासपुर के VRV हॉस्पिटैलिटी डिस्टिलरी से लोड किए गए थे। इस ऑपरेशन में आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया और दो कारें भी जब्त की गईं।
वित्त और आबकारी मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने शुक्रवार को चंडीगढ़ में प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि यह ENA अवैध शराब, सैनिटाइजर, और परफ्यूम बनाने के लिए तस्करी किया जा रहा था। उन्होंने कहा कि इस मात्रा से 3.75 लाख बोतल 50 डिग्री देशी शराब, 2.5 लाख बोतल 75 डिग्री IMFL, या 1.1 लाख बोतल सैनिटाइजर बनाया जा सकता था। GPS ट्रैकिंग के जरिए इस तस्करी को पकड़ा गया, और एक प्रमुख पंजाबी केमिकल फैक्ट्री की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
चीमा ने जोर देकर कहा, “पंजाब में अवैध शराब का खेल अब नहीं चलेगा। मुख्यमंत्री भगवंत मान के निर्देश पर एक्साइज विभाग और पंजाब पुलिस मिलकर तस्करों के खिलाफ सख्ती से निपट रही है।” इस साल अब तक चंडीगढ़ से शराब तस्करी के 114 मामले दर्ज किए गए हैं, जिनमें 30,096 शराब की बोतलें बरामद हुईं।
ये भी देखे: फाजिल्का पुलिस को बड़ी कामयाबी, 257 लीटर अवैध शराब जब्त, 13 लोग गिरफ्तार