पीएम मोदी के आदमपुर एयरबेस के दौरे के बाद असदुद्दीन ओवैसी का पाकिस्तान को चुनौती

by Manu
असदुद्दीन ओवैसी

आदमपुर , 13 मई 2025: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज पंजाब के आदमपुर एयरबेस का दौरा किया, जहां उन्होंने भारतीय वायुसेना के जवानों और अधिकारियों से मुलाकात कर उनका हौसला बढ़ाया। यह यात्रा भारत और पाकिस्तान के बीच हाल ही में हुए तीव्र सैन्य टकराव के बाद हुई है। 7 मई को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत भारत ने पाकिस्तान और PoK में आतंकी ठिकानों को नेस्तनाबूद कर दिया था, जिसके बाद दोनों देशों के बीच कई दिनों तक जमकर सैन्य कार्रवाई हुई। अब असदुद्दीन ओवैसी ने पाकिस्तान को चुनौती दी है।

AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी का पाक पर तंज

मोदी के इस दौरे के बाद AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक तंज भरा पोस्ट किया। उन्होंने पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और सेना प्रमुख जनरल असीम मुनीर पर निशाना साधते हुए लिखा, “क्या शहबाज शरीफ और असीम मुनीर अपने किराए के चीनी विमानों को रहीम यार खान एयरबेस पर उतार पाएंगे?”

आदमपुर से पीएम मोदी का पाकिस्तान को करारा जवाब

आदमपुर में पीएम मोदी ने न केवल वायुसेना के जवानों का मनोबल बढ़ाया, बल्कि पाकिस्तान के दुष्प्रचार को भी करारा जवाब दिया। उन्होंने जवानों के साथ ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम’ के नारे लगाए और पाकिस्तान के उस दावे को खारिज किया, जिसमें कहा गया था कि उनके हमलों से आदमपुर एयरबेस और S-400 रक्षा प्रणाली को नुकसान पहुंचा। तस्वीरों में साफ दिखा कि एयरबेस और S-400 प्रणाली पूरी तरह सुरक्षित हैं।

इस दौरे के दौरान मोदी ने कहा, “हमारे ड्रोन और मिसाइलों ने न सिर्फ आतंकी ठिकानों को नष्ट किया, बल्कि पाकिस्तान की नापाक मंशाओं को भी ध्वस्त कर दिया।” उन्होंने यह भी दोहराया कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ अब भारत की आतंकवाद के खिलाफ नई नीति है, जो भविष्य में भी आतंकियों को कोई मौका नहीं देगी।

ये भी देखे: कल रात देश के नाम संबोधन के बाद आज सुबह आदमपुर एयरबेस पहुंचे पीएम मोदी

You may also like