UP Police Holidays Cancelled: भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव और ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद पाकिस्तान की लगातार ड्रोन हमले की कोशिशों को देखते हुए लखनऊ पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। शुक्रवार (10 मई 2025) को शहर के कई इलाकों में पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस आयुक्त अमरेंद्र कुमार सेंगर ने सभी पुलिसकर्मियों की छुट्टियां रद्द कर दी हैं।
संयुक्त पुलिस आयुक्त (कानून व्यवस्था) ने आदेश जारी कर कहा कि विशेष परिस्थितियों को छोड़कर सभी अवकाश तत्काल प्रभाव से निरस्त किए गए हैं। अवकाश पर गए पुलिसकर्मियों को तुरंत ड्यूटी जॉइन करने के निर्देश दिए गए हैं। खास मामलों में केवल संबंधित पुलिस उपायुक्त ही अवकाश मंजूर करेंगे।
शहर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। संवेदनशील इलाकों, हाईवे, और मुख्य मार्गों पर बेरिकेडिंग लगाई जा रही है। कुछ हाईवे पर पुलिस चेकपोस्ट और बंकर बनाए जा रहे हैं ताकि आपात स्थिति में तुरंत मदद पहुंचाई जा सके। शुक्रवार को हजरतगंज, चारबाग, डालीबाग, गोमतीनगर, और पॉलीटेक्निक चौराहे जैसे इलाकों में संदिग्धों की गहन जांच की गई।
लखनऊ पुलिस सोशल मीडिया पर भी पैनी नजर रख रही है। भ्रामक और भड़काऊ पोस्ट करने वालों की सूची तैयार की जा रही है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अगर कोई दुष्प्रचार या अफवाह फैलाता दिखे, तो उसकी शिकायत तुरंत करें।
ये भी देखे: आगरा में भारत-पाक तनाव के बीच हाई अलर्ट, ताजमहल से एयरपोर्ट तक सुरक्षा सख्त