PUNJAB: नारको टेरर मॉड्यूल के दो आरोपी गिरफ्तार, पांच किलो हेरोइन व हथियार बरामद

by Manu
नारको टेरर मॉड्यूल

चंडीगढ़, 09 मई 2025: भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के बीच पंजाब में शांति भंग करने की बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया गया। तरनतारन जिले में पंजाब पुलिस ने पाकिस्तान से जुड़े नारको टेरर मॉड्यूल के दो लोगों को गिरफ्तार किया है।

डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि एसएसपी अभिमन्यु राणा के नेतृत्व में तरनतारन में एक बड़ा ऑपरेशन चलाया गया। सीआईए स्टाफ को खुफिया जानकारी मिली थी कि पाकिस्तान से जुड़ा एक नारको टेरर मॉड्यूल इलाके में बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। इस सूचना पर कार्रवाई करते हुए सीआईए टीम ने जगरूप सिंह और लवप्रीत सिंह को थाना सिटी क्षेत्र से पकड़ा।

इनके पास से सात पिस्टल, सात मैगजीन, करीब 80 कारतूस, पांच किलो हेरोइन, सात लाख 20 हजार रुपये की ड्रग मनी और एक नोट गिनने की मशीन बरामद की गई। डीजीपी ने इसे पंजाब पुलिस की बड़ी सफलता बताया। दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना सिटी तरनतारन में केस दर्ज कर लिया गया है और उन्हें दोपहर बाद स्थानीय कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा।

ये भी देखे: PUNJAB NEWS: अमृतसर में 10 किलो हेरोइन के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

You may also like