नई दिल्ली, 1 मई 2025: पंजाब के पूर्व आम आदमी पार्टी (AAP) अध्यक्ष और दो बार विधायक रह चुके सुच्चा सिंह छोटेपुर को दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर अमेरिका जाने वाली फ्लाइट में चढ़ने से रोक दिया गया है। क्योंकि आव्रजन अधिकारियों ने कथित तौर पर उनके पासपोर्ट को जब्त कर लिया और कहा कि इसका “दुरुपयोग” किया गया है और इससे संबंधित आपराधिक मामला भी है।
छोटेपुर अपनी पोती की शादी में शामिल होने के लिए लॉस एंजिल्स जा रहे थे। उन्होंने 28 और 29 अप्रैल की रात को कतर एयरवेज की फ्लाइट में टिकट बुक किया था। उन्होंने कहा कि वैध पर्यटक वीजा होने के बावजूद अधिकारियों ने उनके पासपोर्ट का धोखाधड़ी से इस्तेमाल किए जाने का दावा करते हुए उनकी यात्रा पर रोक लगा दी।
साक्षात्कार में छोटेपुर ने क्या कहा?
घटना के बाद एक साक्षात्कार में छोटेपुर ने कहा-जब उन्होंने मुझे रोका तो मैं हैरान रह गया और कहा कि पासपोर्ट का किसी और ने दुरुपयोग किया है और आपराधिक मामला दर्ज किया गया है।यह एक लंबी साजिश लग रही थी। मेरे पास पूरे दस्तावेज थे ।तो किस आधार पर मुझे उड़ान भरने से रोका गया? छोटेपुर ने कहा कि उन्होंने आव्रजन कर्मियों के सामने घटनाओं का अपना संस्करण पेश करने का प्रयास किया है। उन्होंने दावा किया कि उनके खिलाफ कोई भी दीवानी या आपराधिक मामला लंबित नहीं है।
उन्होंने कहा-मैंने उन्हें सबकुछ बताया लेकिन उन्होंने सुनने से इनकार कर दिया। वे बस अड़े रहे। ऐसा लगता है कि यह पहले से ही सोची-समझी चाल थी। हालांकि अभी तक आव्रजन अधिकारियों की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। लेकिन छोटेपुर ने कथित तौर पर उनके पासपोर्ट को जब्त किए जाने के पीछे के कारणों और कथित मामले की प्रकृति पर स्पष्टता की मांग की है। पूर्व विधायक ने पार्टी से अलग होने से पहले राज्य में विस्तार के शुरुआती वर्षों के दौरान आप की पंजाब इकाई का नेतृत्व किया था।
यह भी पढ़ें: कीरतपुर साहिब में ट्रॉला हादसा, बाल-बाल बचा चालक