Iran Blast News: दक्षिणी ईरान के बंदर अब्बास शहर में बंदर अब्बास बंदरगाह पर एक भीषण विस्फोट हुआ, जिसने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है। ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी इरना और अर्ध-सरकारी तस्नीम न्यूज के अनुसार, इस विस्फोट में 406 लोग घायल हुए हैं।
बताया गया कि विस्फोट का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। तस्नीम न्यूज ने पहले दावा किया कि यह एक प्रशासनिक भवन में हुआ, लेकिन बाद में बताया कि यह सिना कंटेनर यार्ड में एक ईंधन टैंक के फटने से हुआ, जिसके चलते बंदरगाह के सभी संचालन को रोक दिया गया। बचावकर्मी घायलों को चिकित्सा केंद्रों में पहुंचाने के साथ-साथ क्षेत्र को खाली करने में जुटे हैं।
सोशल मीडिया पर इस घटना के वीडियो वायरल हो रहे हैं, जिनमें आसमान में काले धुएं का गुबार और घटनास्थल पर बिखरा मलबा दिखाई दे रहा है। शाहिद राजाई बंदरगाह ईरान का एक प्रमुख व्यापारिक केंद्र है, जहां मुख्य रूप से कंटेनर यातायात के अलावा तेल टैंक और पेट्रोकेमिकल सुविधाएं भी हैं। यह होर्मुज जलडमरूमध्य पर स्थित है, जो वैश्विक व्यापार के लिए रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण है।
राष्ट्रीय ईरानी तेल शोधन और वितरण कंपनी (NIORDC) ने बयान जारी कर स्पष्ट किया कि विस्फोट का तेल रिफाइनरियों, ईंधन भंडारण टैंकों या पाइपलाइनों से कोई लेना-देना नहीं है, और बंदर अब्बास में ऊर्जा प्रतिष्ठानों का संचालन सामान्य रूप से जारी है। बंदरगाह पर आपातकालीन टीमें तैनात हैं, और जांच जारी है। कुछ स्रोतों ने इजरायल पर साइबर हमले या अन्य साजिश का शक जताया है, लेकिन इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
ये भी देखे: BLA ने फिर बलूचिस्तान में मचाई तबाही, IED विस्फोट कर 10 पाकिस्तानी सैनिक मारे