Terrorist Attack in Pahalgam: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में मंगलवार दोपहर हुए भीषण आतंकी हमले में 26 लोगों की जान चली गई, जिसमें दो विदेशी नागरिक भी शामिल हैं। इस हमले में शामिल एक आतंकी की पहली तस्वीर सामने आई है, जिसमें वह पठानी सूट पहने और हाथ में अत्याधुनिक हथियार लिए नजर आ रहा है। आतंकियों ने इस हमले की सावधानीपूर्वक योजना बनाई थी और हमले के बाद भागने का रास्ता भी तय कर रखा था।
हमले के दौरान आतंकियों ने पर्यटकों से पहले उनका धर्म पूछा और फिर अंधाधुंध गोलीबारी की। हमला बाइसरण घास के मैदान में हुआ, जो पहलगाम से करीब 5 किलोमीटर दूर एक लोकप्रिय पर्यटक स्थल है। हमले के बाद आतंकी मौके से फरार हो गए। सुरक्षा एजेंसियों को अब सामने आई आतंकी की तस्वीर से महत्वपूर्ण सुराग मिलने की उम्मीद है।
हमले के बाद सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और सीआरपीएफ ने इलाके में बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान शुरू किया है। एनआईए की टीमें श्रीनगर पहुंच चुकी हैं और फॉरेंसिक टीमें घटनास्थल पर साक्ष्य जुटा रही हैं। सेना ड्रोन और एएलएच ध्रुव हेलीकॉप्टरों की मदद से आतंकियों की तलाश कर रही है। पूरे इलाके को घेर लिया गया है और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
इस हमले की जिम्मेदारी द रेसिस्टेंस फ्रंट (टीआरएफ) ने ली है, जो पाकिस्तान स्थित लश्कर-ए-तैयबा का एक सहयोगी संगठन है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हमले की कड़ी निंदा की है और कहा है कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। गृह मंत्री अमित शाह श्रीनगर पहुंचकर घायलों से मुलाकात कर चुके हैं और सुरक्षा स्थिति की समीक्षा कर रहे हैं।
ये भी देखे: BREAKING: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में पर्यटकों पर आतंकी हमला