National Herald Case ED chargesheet: प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने नेशनल हेराल्ड मनी लॉन्ड्रिंग मामले में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी, सोनिया गांधी और कांग्रेस ओवरसीज अध्यक्ष सैम पित्रोदा के खिलाफ दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में अभियोजन शिकायत (चार्जशीट) दायर की है। इस मामले में प्रवर्तन निदेशालय ने सुमन दुबे व अन्य का नाम भी आरोपपत्र में शामिल किया है। आरोप पत्र पर संज्ञान लेते हुए सुनवाई की तिथि 25 अप्रैल तय की गई है।
ईडी ने एसोसिएटेड जर्नल्स लिमिटेड (AJL) और यंग इंडिया से जुड़ी करीब 751.9 करोड़ रुपये की संपत्तियों को अभी तक जब्त किया है। इनमे 661 करोड़ रुपये की अचल संपत्तियां और 90.2 करोड़ रुपये के AJL शेयर शामिल हैं। इन संपत्तियों को दिल्ली (हेराल्ड हाउस), मुंबई (बांद्रा में हेराल्ड हाउस) और लखनऊ (नेहरू भवन) में जब्त किया गया। एजेंसी का आरोप है कि ये संपत्तियां अपराध से अर्जित आय से खरीदी गई थीं।
ईडी का दावा है कि यंग इंडिया ने AJL की 2,000 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्तियों को सिर्फ 50 लाख रुपये में हासिल किया, जिसमें 18 करोड़ रुपये के फर्जी दान, 38 करोड़ रुपये का फर्जी अग्रिम किराया और 29 करोड़ रुपये के फर्जी विज्ञापन शामिल थे।
यह जांच 2014 में बीजेपी नेता सुब्रमण्यम स्वामी की शिकायत पर शुरू हुई, जिसमें आरोप लगाया गया था कि सोनिया और राहुल गांधी ने यंग इंडिया के जरिए AJL की संपत्तियों को धोखाधड़ी से हड़प लिया। ईडी ने 2021 में इस मामले में मनी लॉन्ड्रिंग की जांच शुरू की थी।
ये भी देखे: राम मंदिर को बम से उड़ाने की धमकी, यूपी के जिलों के DM को आया मेल