दिडबा/संगरूर, 13 अप्रैल : पंजाब सरकार के कैबिनेट मंत्री हरपाल सिंह चीमा, अमन अरोड़ा और बरिंदर कुमार गोयल की उपस्थिति में आज प्रो. जसवीर कौर शेरगिल ने मार्केट कमेटी दिडबा की चेयरपर्सन के रूप में अपना कार्यभार संभाला । इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने नव-नियुक्त चेयरपर्सन को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि प्रो. जसवीर कौर शेरगिल आम आदमी पार्टी की मेहनती कार्यकर्ता हैं और उनकी साफ-सुथरी कार्यशैली व मिलनसार व्यक्तित्व को देखते हुए ही मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान द्वारा उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है । उन्होंने कहा कि यह जिम्मेदारी किसानों, आढ़तियों, मजदूरों, ट्रांसपोर्टरों सहित अन्य वर्गों के हितों से जुड़ी हुई है । उन्होंने विश्वास जताया कि प्रो. शेरगिल के नेतृत्व में मार्केट कमेटी का प्रबंधन पहले से अधिक मजबूत होगा ।
आम आदमी पार्टी में कार्यकर्ताओं की मेहनत का मान सम्मान किया जाता है
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री और आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अमन अरोड़ा ने प्रो. शेरगिल को भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी में कार्यकर्ताओं की मेहनत का मान सम्मान किया जाता है । उन्होंने कहा कि चेयरपर्सन के रूप में मिली यह जिम्मेदारी और अधिक ईमानदारी एवं जनसेवा के लिए तत्परता की मांग करती है, और उन्हें पूर्ण विश्वास है कि प्रो. जसवीर कौर शेरगिल अपनी इस नई ड्यूटी को जिम्मेदारी से निभाने में सफल रहेंगी। उन्होंने कहा कि पंजाब एक कृषि प्रधान राज्य है और मार्केट कमेटी में लगभग हर वर्ग का प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष हित जुड़ा होता है। इन दिनों गेहूं की खरीद का सीज़न चल रहा है, ऐसे में इस कार्य को गंभीरता से निभाते हुए चेयरपर्सन मिसाल कायम करेंगी । इसी दौरान कैबिनेट मंत्री बरिंदर कुमार गोयल ने भी चेयरपर्सन प्रो. शेरगिल को बधाई देते हुए कहा कि वह पिछले एक दशक से अधिक समय से अपनी काबिलियत, समझदारी और वफादारी के लिए इलाके में जानी जाती हैं और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को ज़मीनी स्तर पर लागू करवाने में महत्त्वपूर्ण योगदान देंगी ।
जिम्मेदारी को समर्पित भाव से निभाएंगी और सरकार व पार्टी की छवि को और मजबूत करेंगी : चेयरपर्सन प्रो. जसवीर कौर शेरगिल
इस अवसर पर चेयरपर्सन प्रो. जसवीर कौर शेरगिल ने सभी गणमान्य व्यक्तियों का धन्यवाद करते हुए विश्वास दिलाया कि वह इस जिम्मेदारी को समर्पित भाव से निभाएंगी और सरकार व पार्टी की छवि को और मजबूत करेंगी । इस अवसर पर नव-नियुक्त चेयरपर्सन को बधाई देने के लिए पहुंचे प्रमुख व्यक्तियों में चेयरमैन पनसीड महिंदर सिंह सिधू, ओ.एस.डी. तपिंदर सिंह सोही, चेयरमैन इम्प्रूवमेंट ट्रस्ट प्रीतम सिंह पीतू, चेयरमैन जसवीर सिंह कुंदनी, एससी कमीशन के सदस्य गुलज़ार सिंह बॉबी, चेयरमैन मार्केट कमेटी संगरूर अवतार सिंह ईलवाल, चेयरमैन सुनाम मुकेश जुनेजा, चेयरमैन लहरा शीशपाल आनंद, चेयरमैन चीमा गीती मान समेत बड़ी संख्या में राजनीतिक, सामाजिक व धार्मिक हस्तियाँ मौजूद थीं । इससे पहले मार्केट कमेटी कार्यालय में परमात्मा के आशीर्वाद हेतु श्री अखंड पाठ साहिब के भोग डाले गए और प्रमुख हस्तियों ने संगत के साथ अपने विचार साझा किए।