जलना , 3 अप्रैल 2025: पुलिस ने बताया कि महाराष्ट्र के जालना जिले में एक 22 वर्षीय महिला ने कथित तौर पर एक विवाद के बाद अपनी सास की घर पर हत्या कर दी और शव को ठिकाने लगाने में असमर्थ होने पर भाग गई है।
आरोपी महिला प्रतीक्षा शिंगारे को गिरफ्तार कर लिया
पुलिस ने बताया कि घटना मंगलवार रात को हुई और पुलिस ने बुधवार को पड़ोसी परभणी शहर से आरोपी महिला प्रतीक्षा शिंगारे को गिरफ्तार कर लिया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आयुष नोपनी ने बुधवार को संवाददाताओं को बताया कि आरोपी महिला की छह महीने पहले लातूर में एक निजी कंपनी में काम करने वाले आकाश शिंगारे से शादी हुई थी।
आरोपी महिला अपनी सास सविता शिंगारे जिनकी उम्र 45 साल थी। उनके साथ जालना की प्रियदर्शनी कॉलोनी में किराए के मकान में रहती थी।
आपसी झगड़े के कारण मारा सास को
पुलिस उपनिरीक्षक राजेंद्र वाघ ने बताया कि मंगलवार रात को दोनों महिलाओं के बीच झगड़ा हुआ था। जिसके दौरान आरोपी ने अपनी सास का सिर दीवार पर पटक दिया और बाद में रसोई के चाकू से उस पर हमला कर दिया था। जिसके बाद उसकी मौत हो गई थी। इसके बाद आरोपी ने शव को ठिकाने लगाने के लिए एक बैग में रखा। लेकिन वजन के कारण वह शव को हिला नहीं पाई और बुधवार सुबह करीब 6 बजे घर से भाग गई थी ।
अधिकारी ने बताया कि इसके बाद वह अपने पैतृक शहर परभणी के लिए ट्रेन में सवार हो गई थी। बाद में घर के मालिक ने बैग में शव देखा और स्थानीय पुलिस को सूचित किया। वाघ ने बताया कि पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की और उसे परभणी से गिरफ्तार कर लिया गया। अधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि पीड़िता की मौत सिर में चोट लगने के कारण हुई है। उन्होंने बताया कि मामले की आगे की जांच की जा रही है।
यह भी देखे: चारधाम यात्रा: 30 अप्रैल को खुलेंगे यमुनोत्री धाम के कपाट, श्रद्धालुओं में उत्साह!