पटना, 2 अप्रैल 2025: राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के सुप्रीमो और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव की तबीयत एक बार फिर बिगड़ गई है। बुधवार सुबह उनके ब्लड शुगर लेवल में अचानक गिरावट देखी गई, जिसकी जानकारी उनके नियमित चेकअप के दौरान सामने आई। सूत्रों के मुताबिक, लालू को इलाज के लिए जल्द ही दिल्ली ले जाया जाएगा, जहां वे अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती होंगे। इस खबर के बाद राबड़ी देवी के आवास पर हलचल बढ़ गई है।
दो दिनों से खराब थी लालू यादव की तबीयत
राबड़ी आवास के सूत्रों ने बताया कि लालू यादव की तबीयत पिछले दो दिनों से ठीक नहीं थी। दो दिन पहले उनका ब्लड शुगर लेवल अचानक बढ़ गया था। आज सुबह शुगर लेवल में भारी उतार-चढ़ाव देखा गया, जिसके बाद स्थिति गंभीर हो गई। डॉक्टरों ने तुरंत उन्हें दिल्ली रेफर करने की सलाह दी। सूत्रों का कहना है कि लालू यादव कभी भी दिल्ली के लिए रवाना हो सकते हैं।
लंबी मेडिकल हिस्ट्री
77 वर्षीय लालू प्रसाद यादव लंबे समय से कई बीमारियों से जूझ रहे हैं। पिछले साल सितंबर 2024 में मुंबई में उनकी एंजियोप्लास्टी हुई थी, जिसमें उन्हें एक स्टेंट डाला गया था। इससे पहले 2022 में सिंगापुर में उनकी किडनी ट्रांसप्लांट सर्जरी हुई थी, जिसमें उनकी छोटी बेटी रोहिणी आचार्य ने अपनी किडनी डोनेट की थी। किडनी ट्रांसप्लांट के बाद उनकी सेहत में सुधार हुआ था, लेकिन बढ़ती उम्र के साथ वे बार-बार स्वास्थ्य समस्याओं से घिरते रहे हैं। 2014 में उनकी ओपन हार्ट सर्जरी भी हो चुकी है। इसके अलावा, वे डायबिटीज, हृदय रोग और अन्य उम्र-संबंधी परेशानियों से पीड़ित हैं।
ये भी देखे: Bihar News: दरभंगा में नवरात्रि के पहले दिन हिंसा, श्रद्धालुओं पर पथराव