छपरा (बिहार), 29 मार्च 2025: बिहार के चर्चित यूट्यूबर और बीजेपी नेता मनीष कश्यप ने एक दिन पहले बीजेपी छोड़ने और छपरा में सरेंडर करने का ऐलान किया था, लेकिन अब वे अपने बयान से पलट गए हैं। शुक्रवार को छपरा पहुँचकर मनीष ने सारण पुलिस के साथ बातचीत के बाद साफ किया कि उनके ऊपर कोई FIR दर्ज नहीं हुई है। उन्होंने इसे कुछ न्यूज़ पोर्टल्स द्वारा फैलाई गई गलत खबर करार दिया।
क्या कहा मनीष कश्यप ने?
मनीष कश्यप ने छपरा में कहा, “मेरे ऊपर कोई FIR नहीं हुई है। कुछ पोर्टल वालों ने मेरा नाम चला दिया था कि मनीष कश्यप पर FIR हुई है, लेकिन यह सच नहीं है। मैं यहाँ सारण आया हूँ, पुलिस और सभी लोगों से मेरी बात हुई है। सब कुछ सकारात्मक रहा।” उन्होंने आगे कहा, “मैंने पहले कहा था कि अगर मेरे ऊपर FIR होती है और मुझे जेल जाना पड़ता है, तो मैं बीजेपी से इस्तीफा दे दूँगा। लेकिन अब जब कोई FIR ही नहीं है, तो इस्तीफे का सवाल कहाँ से आता है?”
पुलिस और नोटिस का जिक्र
मनीष ने यह भी बताया कि सारण पुलिस ने उनके ऊपर कोई कार्रवाई नहीं की है। उन्होंने कहा, “सारण पुलिस ने 11 यूट्यूब चैनलों को नोटिस भेजा है, जिसमें से मुझे कोई नोटिस नहीं मिली। जिन्हें नोटिस मिली है, वे इसका जवाब देंगे। मेरे ऊपर कोई FIR नहीं है, यह बात मैं साफ करना चाहता हूँ।” उन्होंने मीडिया पर भी निशाना साधा और कहा कि कुछ लोगों ने पुलिस का पक्ष जाने बिना ही उनकी खबरें चला दीं।
पहले क्या था बयान?
गुरुवार को मनीष कश्यप ने एक वीडियो जारी कर सनसनी फैला दी थी। उसमें उन्होंने कहा था, “मेरे चैनल पर एक खबर चलाने के कारण सारण पुलिस ने FIR की है। मैं शुक्रवार को छपरा जाकर अपनी गिरफ्तारी दूँगा और बीजेपी से इस्तीफा दे दूँगा।” इस बयान के बाद उनके समर्थकों और विरोधियों में हलचल मच गई थी। लेकिन अब छपरा पहुँचने और पुलिस से बात करने के बाद मनीष ने यू-टर्न ले लिया।
ये भी देखे: अंशु कुमारी ने बिहार बोर्ड मैट्रिक 2025 में टॉप कर रचा इतिहास