चंडीगढ़, 18 मार्च: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने विधानसभा के बजट सत्र के दौरान एक महत्वपूर्ण बयान में कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा 23 जनवरी 2015 को पानीपत से शुरू किया गया बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान राज्य में सफलता की नई मिसाल बन चुका है। उन्होंने बताया कि इस अभियान के सकारात्मक परिणामस्वरूप हरियाणा में लिंगानुपात में सुधार हुआ है। जहां 2015 में लिंगानुपात 835 था, वहीं अब यह बढ़कर 910 हो गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह अभियान किसी राजनीतिक उद्देश्य से नहीं, बल्कि समाज में बेटियों के प्रति जागरूकता और संवेदनशीलता लाने के लिए था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने घटते लिंगानुपात पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए इस अभियान की शुरुआत की थी, और राज्य सरकार इस पर त्वरित गति से कार्य कर रही है।
सैनी ने विधानसभा में डॉ. रघुबीर सिंह कादियान द्वारा उठाए गए एक मुद्दे का जवाब देते हुए कहा कि बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान हर वर्ग के लिए था और इससे समाज में एक बड़ा बदलाव आया है। यह अभियान न केवल बेटियों की सुरक्षा और शिक्षा को बढ़ावा देता है, बल्कि समाज में महिलाओं की स्थिति को भी मजबूत करता है।
मुख्यमंत्री ने इसके अलावा बुजुर्गों के लिए वृद्धावस्था सम्मान भत्ता योजना के सुधारों की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि कांग्रेस सरकार के दौरान बुजुर्गों को पेंशन के लिए लंबे इंतजार का सामना करना पड़ता था, लेकिन अब राज्य सरकार ने एक नई व्यवस्था लागू की है। अब जैसे ही कोई व्यक्ति 60 वर्ष की उम्र पूरी करता है, उसकी पेंशन ऑटोमैटिक रूप से शुरू हो जाती है, जिससे बुजुर्गों को किसी प्रकार का इंतजार नहीं करना पड़ता।
ये भी देखे: सोनीपत में 150 बिस्तर का ईएसआई अस्पताल बनाने की तैयारी: अनिल विज