चण्डीगढ़, 18 मार्च: हरियाणा के श्रम मंत्री अनिल विज ने जानकारी दी कि सोनीपत में 150 बिस्तर क्षमता का ईएसआई अस्पताल स्थापित करने के लिए 6 एकड़ भूमि का चयन किया गया है।
इस ईएसआई अस्पताल के निर्माण के लिए प्रस्ताव केन्द्र सरकार को भेजा जाएगा ताकि यहां पर एक अत्याधुनिक और समर्पित स्वास्थ्य सेवाएं लोगों को प्रदान की जा सकें।
मंत्री ने बताया कि हरियाणा में श्रम विभाग अब एक हाई स्पीड इंजन की तरह काम कर रहा है, और किसी भी कार्य को तेजी से पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है। इस दिशा में कई महत्वपूर्ण योजनाओं पर काम चल रहा है, ताकि श्रमिकों और उद्योगों के लिए बेहतर सुविधाएं और सेवाएं सुनिश्चित की जा सकें।
इसके साथ ही, मंत्री विज ने यह भी बताया कि राई विधानसभा क्षेत्र के कुंडली औद्योगिक क्षेत्र में पहले से ही ईएसआई औषधालय संचालित हो रहा है, जो किराए के परिसर में चल रहा है।
हालांकि, वर्तमान में प्रदेश में लगभग 50 औषधालय किराए के स्थानों पर चलाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने यह सुनिश्चित किया है कि इन औषधालयों को स्थायी रूप से एक स्थान पर लाकर स्थापित किया जाएगा।
इसके लिए हरियाणा शहर विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) और एचएसआईआईडीसी द्वारा रियायती दरों पर भूमि उपलब्ध कराई जाएगी।
जैसे ही यह भूमि उपलब्ध होगी, इन औषधालयों को स्थायी स्थानों पर स्थानांतरित कर दिया जाएगा। इसके अलावा, कुंडली क्षेत्र में चल रहे औषधालय के लिए सैक्टर 58 में 1.23 एकड़ भूमि चिन्हित कर ली गई है। इस संबंध में भी प्रस्ताव केन्द्र सरकार को भेजा गया है।
ये भी देखे: हरियाणा के ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने ढाणी कनेक्शनों की नीति पर दी जानकारी