केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल ने किया लक्षद्वीप का दो दिवसीय दौरा

शहरी विकास की परियोजनाओं की समीक्षा की

by TheUnmuteHindi
केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल ने किया लक्षद्वीप का दो दिवसीय दौरा

केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल ने किया लक्षद्वीप का दो दिवसीय दौरा
शहरी विकास की परियोजनाओं की समीक्षा की
नई दिल्ली, 24 दिसंबर : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन को बढ़ावा देने के लिए केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल दो दिवसीय दौरे के लिए लक्षद्वीप पहुंचे हुए हैं, जहां उन्होंने लक्षद्वीप पहुंचकर ऊर्जा, आवास एवं शहरी विकास की परियोजनाओं की न केवल समीक्षा की, बल्कि सौर और बैटरी ऊर्जा भंडारण में लक्ष्य द्वीप को मॉडल बनाने का रोडमैप भी तैयार किया। बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लक्षद्वीप को पर्यटन और विकास में मॉडल बनाने का विजन है। प्रधानमंत्री के विजन को साकार करने का जिम्मा केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल संभाले हुए हैं, जिसको लेकर आज वह लक्षद्वीप पहुंचे हुए हैं। लक्षद्वीप दौरे के दौरान केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल ने कोच्चि में वाटर मेट्रो में सफर किया। उन्होंने कहा कि वाटर मेट्रो का सफर वास्तव में अद्वितीय और प्रभावशाली अनुभव है। वाटर मेट्रो यात्रियों के लिए परिवहन का साधन नहीं है, बल्कि एक समग्र अनुभव है जो सुविधा पर्यावरण संरक्षण और आधुनिक तकनीक को जोड़ता है। यह सडक़ यातायात का एक ताजगी भरा विकल्प भी प्रदान करता है और यात्रियों को जलमार्गों की सुंदरता और प्रकृति का आनंद लेने का मौका देता है। यह टिकाऊ शहरी परिवहन का एक आदर्श उदाहरण है, जो कुशलता और पारिस्थितिक जि़म्मेदारी का बेहतरीन समन्वय प्रस्तुत करता है। लक्षद्वीप पहुंचने पर प्रशासक प्रफुल्ल पटेल ने राजधानी कवरात्ती में मनोहर लाल का स्वागत किया।
विकास योजनाओं को गति देने के लिए दिए गए निर्देश
इस दौरे के दौरान केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने केंद्रीय परियोजनाओं की समीक्षा करने के दौरान ऊर्जा, आवास एवं शहरी विकास योजनाओं को गति देने के निर्देश दिए। लक्षद्वीप को पर्यटन और विकास के क्षेत्र में अग्रणी बनाने के लिए यहां पर देश का पहला बैटरी संचालित सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित हो रहा है। सौर ऊर्जा भंडारण का उद्देश्य डीजल आधारित बिजली की निर्भरता को कम करना है। इसके साथ ही लक्षद्वीप में नवीकरणीय ऊर्जा को बढ़ावा देने के साथ पवन ऊर्जा की संभावनाएं तलाशने के साथ सौर चार्जिंग स्टेशनों के साथ इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देना लक्ष्य है। बैठक के दौरान द्वीपों में ग्रीन एनर्जी का प्रयोग, ईवी चार्जिंग स्टेशन स्थापित करना और द्वीपों को आपस में जोडऩे पर विस्तार से चर्चा हुई।

You may also like