अमेरिका, 23 नवंबर : अडाणी पर अमेरिकी अभियोजकों ने भारत में सौर बिजली अनुबंध हासिल करने के लिए अनुकूल शर्तों के बदले भारतीय अधिकारियों को 26.5 करोड़ डॉलर (लगभग 2200 करोड़ रुपये) की रिश्वत देने में शामिल होने का आरोप लगाया है। अब अमेरिका के राष्ट्रपति आवास एवं कार्यालय ‘व्हाइट हाउस’ ने कहा है कि भारत और अमेरिका के संबंध मजबूत नींव पर टिके हैं तथा वह भारतीय अरबपति गौतम अडाणी पर लगे रिश्वतखोरी के आरोपों से पैदा हुई स्थिति से निपटने को लेकर आश्वस्त है। इसका संबंधों पर कोई असर नहीं पड़ेगा। व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरिन जीन-पियरे ने अपने दैनिक संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘अमेरिका और भारत के संबंध हमारे लोगों के आपसी रिश्तों एवं कई वैश्विक मुद्दों को लेकर सहयोग पर आधारित एक बेहद मजबूत नींव पर टिके हैं। हमें भरोसा है कि हम इस मुद्दे को उसी तरह सुलझा लेंगे, जैसे कि हमने अन्य मुद्दों को सुलझाया है।’ गौर हो कि अडाणी समूह सभी आरोपों को निराधार बता चुका है। बृहस्पतिवार को उसने कहा था कि वह सभी संभावित कानूनी उपाय अपनाएगा।
अडाणी पर लगे आरोपों से भारत-अमेरिका के संबंधों पर नहीं पड़ेगा कोई असर : व्हाइट हाउस
69