इस्लामाबाद, 3 जून 2025: इस्लामाबाद में एक सनसनीखेज घटना में 17 वर्षीय टिकटॉक स्टार सना यूसुफ की उनके घर में गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह घटना सेक्टर जी-13/1 में सुम्बल पुलिस स्टेशन के अंतर्गत हुई। द एक्सप्रेस ट्रिब्यून और समा टीवी के अनुसार, सना, जो खैबर पख्तूनख्वा के चित्राल की रहने वाली थीं, को एक अज्ञात हमलावर ने करीब से गोली मारी, जिसके बाद उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

मेहमान बनकर सना यूसुफ के घर में घुसा था आरोपी
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, हमलावर मेहमान बनकर सना के घर में घुसा था। समा टीवी ने बताया कि आरोपी ने सना से घर के बाहर कुछ देर बातचीत की, फिर अंदर जाकर उन पर गोली चला दी और फरार हो गया। सना यूसुफ के शव को पोस्टमार्टम के लिए पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (PIMS) भेजा गया है।
सना यूसुफ ने टिकटॉक और इंस्टाग्राम पर अपनी सामग्री के जरिए लाखों फॉलोअर्स हासिल किए थे, जिसमें वे चित्राल की संस्कृति, महिला अधिकारों और शिक्षा को बढ़ावा देने वाली सामग्री साझा करती थीं। उनकी हत्या ने सोशल मीडिया पर व्यापक आक्रोश पैदा किया, और #JusticeForSanaYousuf जैसे हैशटैग इंस्टाग्राम और एक्स पर ट्रेंड कर रहे हैं।

पुलिस ने हत्यारे को किया गिरफ्तार
3 जून 2025 को इस्लामाबाद पुलिस ने मुख्य संदिग्ध उमर हयात उर्फ “काका” को फैसलाबाद से गिरफ्तार कर लिया। इस्लामाबाद के पुलिस महानिरीक्षक सैयद अली नासिर रिजवी ने बताया कि यह हत्या सना द्वारा संदिग्ध की बार-बार की गई दोस्ती की कोशिशों को ठुकराने के कारण हुई। संदिग्ध ने सना यूसुफ के जन्मदिन (29 मई) और हत्या से एक दिन पहले उनसे मिलने की कोशिश की थी, लेकिन असफल रहा। पुलिस ने 113 कैमरों की फुटेज और 300 फोन कॉल्स का विश्लेषण कर संदिग्ध को पकड़ा, जिसके पास से हत्या में इस्तेमाल हथियार और सना का मोबाइल फोन बरामद हुआ।
ये भी देखे: पाकिस्तान के बलूचिस्तान में स्कूल बस पर हमला, ब्लास्ट में 4 बच्चों की मौत