कैथल में नियम तोड़ने पर किछाना गांव की महिला सरपंच सुमन पद से हटाई गईं

by Manu
सस्पेंड

कैथल, 05 सितंबर 2025: कैथल जिला प्रशासन ने नियमों का उल्लंघन करने पर राजौंद खंड के किछाना गांव की सरपंच सुमन को उनके पद से हटा दिया है। जांच में सामने आया कि सुमन सरपंच के साथ-साथ स्वास्थ्य विभाग में आशा वर्कर के रूप में भी काम कर रही थीं और दोनों पदों से मानदेय ले रही थीं, जो ग्राम पंचायत नियमों के खिलाफ है।

शिकायत मिलते ही जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी (डीडीपीओ) कार्यालय ने तुरंत कार्रवाई शुरू की। सुमन को 7 दिन का नोटिस देकर जवाब मांगा गया, लेकिन उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया। इसके बाद डीडीपीओ ने खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी (बीडीपीओ) को जांच का जिम्मा सौंपा। बीडीपीओ की जांच रिपोर्ट के आधार पर विभाग ने सुमन को सरपंच पद से हटाने का आदेश जारी कर दिया।

विभाग ने बीडीपीओ को यह भी निर्देश दिया कि ग्राम पंचायत में बहुमत वाले पंच को अस्थायी रूप से जिम्मेदारी सौंपी जाए ताकि गांव के विकास कार्यों में कोई रुकावट न आए। डीडीपीओ रितु लाठर ने बताया कि शिकायत के बाद नियमानुसार जांच की गई और आरोप सही पाए जाने पर, जवाब न मिलने के कारण सुमन को सरपंच पद से हटा दिया गया।

ये भी देखे: पानीपत में विदेश भेजने के नाम पर 50 लाख की ठगी, 90 लाख में हुई थी डील

You may also like