गुवाहाटी, 23 दिसंबर 2025: असम के पहाड़ी जिलों कार्बी आंगलोंग और पश्चिम कार्बी आंगलोंग में बेदखली के मुद्दे पर तनाव एक बार फिर भड़क उठा है। मंगलवार को प्रदर्शनकारियों के दो गुटों के बीच हुए हिंसक संघर्ष के बाद प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर दोनों जिलों में इंटरनेट सेवाओं को अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया है।
हिंसा की शुरुआत तब हुई जब बेदखली के विरोध और समर्थन में उतरे दो गुट आमने-सामने आ गए। विवाद देखते ही देखते इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से पथराव और मारपीट शुरू हो गई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा। पुलिस ने उग्र भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले दागे।
अधिकारियों के मुताबिक इस झड़प में कम से कम 8 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया है।
हिंसा के बाद अफवाहों को फैलने से रोकने और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए राज्य के गृह एवं राजनीतिक विभाग ने तत्काल प्रभाव से इंटरनेट सेवाओं को बंद करने का आदेश जारी किया है। आधिकारिक आदेश में कहा गया है कि असामाजिक तत्वों द्वारा सोशल मीडिया के जरिए स्थिति को और बिगाड़ने की आशंका है। इसलिए सार्वजनिक शांति बनाए रखने के लिए यह कदम उठाया गया है। इंटरनेट निलंबन अगली सूचना तक प्रभावी रहेगा।
ये भी देखें: जुबीन गर्ग मौत केस: समन के बाद सिंगापुर से असम पहुंचे तीन NRI, CID ने शुरू की पूछताछ