उत्तर प्रदेश: मिर्जापुर में लगेगा अडानी पावर लिमिटेड पहला थर्मल पावर प्लांट

by Manu
मिर्जापुर थर्मल पावर प्लांट

मिर्जापुर, 06 मई 2025: उत्तर प्रदेश सरकार ने अडानी समूह को मिर्जापुर में 1600 मेगावाट की नई तापीय विद्युत परियोजना स्थापित करने की मंजूरी दे दी है। यह अडानी पावर लिमिटेड का उत्तर प्रदेश में पहला थर्मल पावर प्लांट होगा।

मंगलवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में प्रतिस्पर्धी बोली (न्यूनतम बिडिंग) के आधार पर इस प्रस्ताव को हरी झंडी दिखाई गई। यह परियोजना 2030-31 तक शुरू होने की संभावना है। सरकार ने इस 1600 मेगावाट की परियोजना से 1500 मेगावाट बिजली को 25 साल के लिए खरीदने का फैसला किया है, जो बिडिंग प्रक्रिया के तहत 5.38 रुपये प्रति यूनिट की सबसे कम दर पर होगी। इससे उत्तर प्रदेश पावर कॉर्पोरेशन (UPPCL) को अगले 25 वर्षों में करीब 2958 करोड़ रुपये की बचत होने का अनुमान है।

यह प्लांट मिर्जापुर के दादरी खुर्द गांव में स्थापित होगा और इसे 1(डी) थर्मल पावर प्लांट और कैटगरी-ए के तहत वर्गीकृत किया गया है। परियोजना के लिए अडानी समूह 365.19 हेक्टेयर भूमि का उपयोग करेगा और कुल 18,300 करोड़ रुपये का निवेश करेगा। प्लांट के लिए कोयला आपूर्ति सुनिश्चित करने हेतु रेलवे लाइन का निर्माण भी किया जाएगा।

हालांकि, इस परियोजना को लेकर पर्यावरणीय चिंताएं भी उठ रही हैं। नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (NGT) ने दादरी खुर्द के पास वन क्षेत्र में भारी मशीनरी से वनस्पति साफ करने की खबरों का स्वत: संज्ञान लिया है और उत्तर प्रदेश सरकार व केंद्र को नोटिस जारी किया है।

ये भी देखे: सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला: धारावी पुनर्विकास परियोजना पर रोक नहीं, अदानी के पक्ष में निर्णय

You may also like