लखनऊ, 28 दिसंबर 2025: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि विदेश से वित्तपोषित धर्मांतरण गिरोहों को पूरी तरह खत्म करने के लिए कृत्रिम मेधा (एआई) तकनीक का इस्तेमाल किया जाए। मुख्यमंत्री ने ‘पुलिस मंथन’ सम्मेलन-2025 के समापन सत्र में यह बात कही।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सोशल मीडिया और साइबर अपराध पर पुलिस को बहुत सख्त निगरानी रखनी होगी। उन्होंने पाकिस्तान, बांग्लादेश और नेपाल से लगती सीमाओं पर आतंकवादी गतिविधियों के नए रूपों का गहन विश्लेषण करने और निगरानी को और मजबूत करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने धर्मांतरण को राज्य के लिए गंभीर चुनौती बताया। उन्होंने बलरामपुर जैसी घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास अब संगठित रूप से हो रहे हैं। योगी ने ‘‘अंतरराष्ट्रीय अनुदानित धर्मांतरण गिरोह’’ को रोकने के लिए एआई, वित्तीय लेनदेन की निगरानी, तकनीकी विश्लेषण और आधुनिक संसाधनों के प्रभावी उपयोग पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि ऐसे गिरोहों को नेस्तनाबूद करने के लिए पुलिस को हर संभव तकनीक और संसाधन का इस्तेमाल करना होगा। मुख्यमंत्री ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से अपील की कि वे इस दिशा में त्वरित और निर्णायक कार्रवाई सुनिश्चित करें।
ये भी देखे: योगी आदित्यनाथ का बड़ा बयान, कहा – ”राष्ट्र की आत्मा संस्कृति में बसती है….”