यूपी, 31 जुलाई,2025: उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल चुका है। इस बीच बीती रात प्रदेश के कई जिलों में तेज बारिश देखने को मिली। जिसके बाद लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग ने बारिश को लेकर अपडेट भी जारी किया है। मौसम विभाग का कहना है की प्रदेश के कई जिलों में मूसलाधार बारिश हो सकती है। इस दौरान कई जगहों पर बिजली भी गिर सकती है। विभाग ने लोगों से सावधान रहने की अपील की है।
इन जिलों में होगी बारिश
मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, 31 जुलाई को प्रदेश के बांदा, कौशाम्बी, चित्रकूट, प्रयागराज, मिर्जापुर, कानपुर देहात, फतेहपुर, सोनभद्र, आगरा, फिरोजाबाद, कानपुर नगर, जालौन, हमीरपुर, इटावा, औरैया, झांसी, महोबा और ललितपुर जैसे जिलों और उनके आसपास के इलाकों में मूसलाधार बारिश की संभावना है। वहीं नोएडा, वाराणसी, लखनऊ, कन्नौज, हरदोई, उन्नाव, बरेली, बिजनौर समेत अन्य कई जिलों में भी हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है।
इन जिलों में वज्रपात की संभावना
इन जिलों के साथ-साथ चंदौली, वाराणसी, प्रतापगढ़, संत रविदास नगर, गाजीपुर, हरदोई, जौनपुर, कन्नौज, उन्नाव, फर्रुखाबाद, रायबरेली, लखनऊ, गाजियाबाद, अमेठी, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, मथुरा, हाथरस, अलीगढ़, कासगंज, एटा, मैनपुरी जैसे क्षेत्रों में मेघगर्जन व वज्रपात की संभावना जताई गई है। ऐसे में किसानों, पशुपालकों और खुले क्षेत्र में रह रहे लोगों को सावधानी बरतने की विशेष सलाह दी गई है।
31 से 2 अगस्त तक कैसा रहेगा मौसम
भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, 31 जुलाई से 2 अगस्त के बीच उत्तर प्रदेश के ज़्यादातर हिस्सों में बारिश का सिलसिला धीमा पड़ जाएगा। इस दौरान कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी या छिटपुट बारिश की बौछारें देखने को मिल सकती हैं। वहीं 3 अगस्त से पूर्वी उत्तर प्रदेश में मॉनसून एक बार फिर रफ्तार पकड़ेगा और फिर झमाझम बारिश का सिलसिला शुरु हो जाएगा।
यह भी पढ़ें: Punjab News: बिक्रम मजीठिया को अदालत नहीं दे रही राहत, अब इस दिन होगी सुनवाई