UP News: महाराजगंज में SDM को हटाया गया, लेखपाल निलंबित, लापरवाही का मामला

by Manu
सस्पेंड

महाराजगंज, 28 मई 2025: महाराजगंज में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने जनसमस्याओं के निपटारे में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की है। उन्होंने फरेंदा के एसडीएम मुकेश कुमार को उनके पद से हटा दिया और लेखपाल उपेंद्रनाथ त्रिपाठी को निलंबित कर दिया। यह कदम धारा 24 के आदेश का पालन न करने के कारण उठाया गया है।

जिलाधिकारी ने बताया कि फरेंदा तहसील के मथुरानगर गांव में धारा 24 के एक मामले में आदेश का पालन करने में जानबूझकर ढिलाई की गई। जनवरी से पत्थर नसब की कार्रवाई को लटकाया गया था। इसकी जांच अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) ने की, जिसमें लेखपाल उपेंद्रनाथ त्रिपाठी को दोषी पाया गया।
इसके बाद जिलाधिकारी ने एसडीएम मुकेश कुमार को हटाकर अपर उपजिलाधिकारी प्रतीक्षा त्रिपाठी को फरेंदा का नया एसडीएम नियुक्त किया है। उन्होंने साफ कहा कि धारा 24 जैसे अहम मामलों में लापरवाही और अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जनशिकायतों का निपटारा शासन के निर्देशों के मुताबिक समय पर और गुणवत्तापूर्ण ढंग से हो। उन्होंने जोर देकर कहा कि जनसमस्याओं का समाधान संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ करना शासन की पहली प्राथमिकता है, और किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं होगी।

ये भी देखे: बृजभूषण शरण सिंह को पटियाला हाउस कोर्ट से बड़ी राहत, POCSO केस में बरी

You may also like