हापुड़,28 जुलाई,2025: उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले के खिचरा गाँव में ड्रोन और चोर की अफवाहों के बीच ग्रामीणों ने मंदबुद्धि महिला को चोर समझकर बेरहमी से पीट दिया। शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जाँच शुरू कर दी है।
रात में जगह-जगह ड्रोन उड़ने और संदिग्ध चोर देखे जाने की अफवाह अब लोगों की जान पर भारी पड़ने लगी है। धौलाना थाना क्षेत्र के गाँव खिचरा में इन्हीं अफवाहों के कारण ग्रामीणों की भीड़ ने एक मंदबुद्धि महिला को चोर समझकर बुरी तरह से पीट दिया। इतना ही नहीं बल्कि उसका जुलूस भी निकाला। बाद में जब पहचान हुई तो भीड़ उसे छोड़कर चली गई। इस मामले का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस पूरे मामले की जाँच कर रही है।
रात में उड़ते ड्रोन को लेकर दहशत
ग्रामीणों के अनुसार, रविवार की रात कुछ ड्रोन आदि की अफवाहों को देखते हुए पहरा दे रहे थे। इसी बीच एक संदिग्ध महिला ग्रामीणों को जाती हुई दिखाई दी। ग्रामीणों ने उसे चोर समझकर पकड़ लिया और पूछताछ के बहाने पिटाई शुरू कर दी। लोगों का कहना था कि बीते कुछ समय से क्षेत्र में चोरी की घटनाओं में इजाफा हुआ है, और रात में उड़ते ड्रोन को लेकर दहशत का माहौल बना हुआ है। ऐसे में जब रात के अंधेरे में महिला अकेले जाती दिखाई दी तो उसे पकड़कर पूछताछ की गई।
मानसिक रूप से अस्वस्थ थी महिला
गांव वालों ने महिला पर चोर होने होने का शक जताते हुए महिला को बहुत पीटा और इसके बाद उसका गाँव में जुलूस भी निकाला। लोगों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची और जब महिला से पूछताछ की गई तो पता चला कि वह गांव खिचरा की ही रहने वाली है और मानसिक रूप से अस्वस्थ है। फिलहाल पति से विवाद होने होने के बाद वह उससे कहीं अलग रह रही थी और रविवार की रात अपने पति से मिलने ही जा रही थी, लेकिन मानसिक रूप से अस्वस्थ होने के कारण भीड़ के सामने घबरा गई और कुछ बता नहीं पाई।
धौलाना थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जाँच शुरू कर दी है। सीओ अनीता चौहान का कहना है कि महिला के साथ मारपीट करने वालों की पहचान की जा रही है। मामले में जाँच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें: UP News: स्कूल बस पर गिरी हाई टेंशन लाइन की तार, बस के चारों पहिए जलकर राख़