UP News: कब्र से गायब हुई 10 साल की बच्ची की लाश, जानिए पूरा मामला

by Nishi_kashyap
बच्ची की लाश

कुशीनगर,22 जुलाई, 2025: शव को कब्र से सौ मीटर दूर बंद मोबाइल टावर की बिल्डिंग से बरामद किया गया। शव के पास बुर्का और साड़ी मिलने से तंत्र-मंत्र की संभावना बताई गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जाँच शुरू कर दी है।

उत्तर प्रदेश के कुशीनगर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ के पटहेरवा थाना क्षेत्र में 10 वर्षीय नाबालिग बच्ची का शव कब्र से लापता हो गया। बताया जा रहा है उसे तीन दिन पहले ही दफनाया गया था। शव को कब्र से सौ मीटर दूर बंद मोबाइल टावर की बिल्डिंग से बरामद किया गया। बतादें की शव के पास बुर्का और साड़ी मिलने से तंत्र-मंत्र की संभावना पैदा हो गई है। फ़िलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और इस मामले की जाँच शुरू कर दी है।

दरअसल सहदौली गाँव के रहने वाले बिस्मिल्लाह अंसारी मुंबई में काम करते हैं। उनकी 10 साल की बेटी गुलफ्सा खातून को चेचक की बीमारी के कारण गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया गया था।19 जुलाई की सुबह इलाज के दौरान गुलफ्सा की मौत हो गई थी। बिस्मिल्लाह तुरंत गोरखपुर पहुँचे और शव को गाँव लाकर उसी दिन थाने के नजदीक स्थित कब्रिस्तान में दफना दिया।

तीन दिन बाद सोमवार की सुबह कब्रिस्तान के पास राइस मिल का निर्माण करा रहे एक व्यक्ति ने देखा कि कब्र के पास मिट्टी उखड़ी हुई है। उन्होंने इसकी सूचना बिस्मिल्लाह को दी। मौके पर परिजनों ने आकर देखा कि कब्र खाली थी और शव गायब था। इस घटना ने पूरे गाँव में सनसनी फैला दी। परिजनों ने तुरंत इसकी सुचना डायल 112 पर पुलिस को दी।

पुलिस और फोरेंसिक जाँच

घटना की जानकारी मिलते ही पटहेरवा थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुँची। फोरेंसिक जाँच में अनुमान लगाया गया कि शव कब्रिस्तान से 200 मीटर के दायरे में हो सकता है। इसके बाद गाँव वालों ने आस-पास के खेतों और क्षेत्रों में तलाश शुरू की। गांव के युवक मसूद खान और उनके साथी ने कब्रिस्तान से 100 मीटर दूर बंद पड़े मोबाइल टावर कैंपस में झाड़ियों के बीच शव को देखा। मसूद ने बताया कि शव नग्न अवस्था में था और पास में एक काला बुर्का और साड़ी पड़ी थी। शव पर कीड़े चल रहे थे, जिससे वहाँ मौजूद लोग डर गए।

पुलिस ने तुरंत शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसपी संतोष मिश्रा ने इसे तंत्र-मंत्र से जुड़ा मामला बताया, जबकि CO कसया कुन्दन सिंह ने बताया कि पटहेरवा थाने पर जानकारी मिली थी कि 10 साल की किशोरी का शव कब्र से गायब है। जाँच के बाद शव बरामद कर लिया गया है। मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।

परिजनों का बयान

नाबालिग मृतका के पिता बिस्मिल्लाह अंसारी ने जानकारी देते हुए बताया कि मुझे बेटी की तबीयत खराब होने की सूचना मिली तो मैं मुंबई से फ्लाइट पकड़कर गोरखपुर पहुँचा। 19 जुलाई को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी। हम शव को गाँव लाए और कब्रिस्तान में दफना दिया। आज सुबह राइस मिल मालिक ने बताया कि कब्र की मिट्टी उखड़ी है। जब हम पहुँचे तो शव गायब था। बिस्मिलाह ने तंत्र-मन्त्र की बातों को मानने से इनकार कर दिया है।

यह भी पढ़ें: UP News: ताजमहल के सामने युवक ने लहराया भगवा झंडा, आरती कर लगाए ‘बम-बम भोले’ के नारे

You may also like