लखनऊ, 26 जून 2025: यूपी प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगामी कांवड़ यात्रा, मोहर्रम और रथयात्रा जैसे धार्मिक आयोजनों को लेकर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए एक अहम समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने जिलाधिकारियों, मंडलायुक्तों और पुलिस अधीक्षकों को कई जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
कांवड़ यात्रा मार्ग पर मांस की दुकानें रहेंगी बंद
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निर्देश दिया है कि कांवड़ यात्रा मार्ग पर मांस की बिक्री पूरी तरह से बंद रहेंगी। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करना चाहिए। इसके साथ ही सीएम योगी ने यह भी कहा कि हर दुकान पर दुकानदार का नाम जरूर लिखा होना चाहिए। इससे पारदर्शिता बनी रहेगी जिससे अफवाहों से बचाव हो सकेगा।
माहौल बिगाड़ने वालों पर होगी नजर
मुख्यमंत्री योगी ने अधिकारियों को सतर्क कर दिया है कि कांवड़ यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं। इसलिए कुछ शरारती तत्व भेष बदलकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर सकते हैं। ऐसे लोगों पर कड़ी नजर रखी जाए और उनके किसी भी प्रयास को तुरंत रोका जाए।
भड़काऊ नारों, साम्प्रदायिक तनाव फ़ैलाने वालों पर सख्ती
सीएम योगी निर्देश देते हुए कहा की यात्रा के दौरान कोई भी भड़काऊ नारा, हथियारों का प्रदर्शन या साम्प्रदायिक तनाव फैलाने की कोशिश करने वालों पर भी कड़ी नजर रखी जाएगी।
सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों पर कड़ी नजर
योगी आदित्यनाथ ने अफसरों को निर्देश देते हुए कहा की सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों पर भी तुरंत कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही उन्होंने श्रावण मास के दौरान मंदिरों की सफाई, मेडिकल सुविधा, भीड़ प्रबंधन और आपदा प्रबंधन के लिए विशेष टीमें बनाने के भी निर्देश दिए।
सरकारी मंत्री और विपक्ष की प्रतिक्रिया
इस बयान पर यूपी सरकार में मंत्री जयवीर सिंह का कहना है की कांवड़ यात्रा एक हिंदू धार्मिक परंपरा है। कावड़ियों के सम्मान के लिए मांस की दुकानें बंद रहनी चाहिए। इसके अलावा उन्होंने कहा कि दुकानदारों को नाम छिपाने की कोई जरूरत नहीं है।
वहीं, समाजवादी पार्टी के नेता फखरुल हसन चांद का कहना है की इस तरह के नियमों से गरीब दुकानदारों की रोजी-रोटी पर असर पड़ेगा। उन्होंने कहा की यदि नाम लिखने की व्यवस्था लागू होती है, तो यह सभी समुदायों पर समान रूप से लागू होनी चाहिए। किसी विशेष वर्ग के लिए यह नहीं लागु होनी चाहिए।