नोएडा, 23 जुलाई, 2025: ग्रेटर नोएडा में उत्तर प्रदेश पुलिस सिपाही भर्ती में फर्जी स्वतंत्रता सेनानी प्रमाण पत्र जमा कर आरक्षण लाभ लेने की साजिश का भंडाफोड़ करते हुए ईकोटेक-3 कोतवाली पुलिस ने बुलंदशहर कलेक्ट्रेट में तैनात एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी ने महज 30 हजार रुपये की रिश्वत लेकर एक युवक को फर्जी प्रमाण पत्र उपलब्ध कराया था, जिसका उपयोग उसने आरक्षण के लिए किया।
पुलिस ने दी जानकारी
पुलिस का कहना है की, फरवरी माह में सूरजपुर स्थित पुलिस लाइन में यूपी पुलिस भर्ती प्रक्रिया के तहत शैक्षिक एवं आरक्षण प्रमाणपत्रों की जाँच की जा रही थी। इस दौरान कई उम्मीदवारों द्वारा जमा किए गए स्वतंत्रता सेनानी प्रमाण पत्र संदिग्ध पाए गए।
जाँच में सामने आया कि इन उम्मीदवारों ने अपने दादा के नाम पर फर्जी दस्तावेज प्रस्तुत कर आरक्षण का लाभ उठाने का प्रयास किया था। नोएडा पुलिस ने पहले चरण की कार्रवाई में सात ऐसे युवकों को गिरफ्तार किया था, जिन्होंने फर्जी प्रमाण पत्रों के जरिए भर्ती में भाग लिया था।
आरोपी ने किया चौंकाने वाला खुलासा
पूछताछ के दौरान आरोपी विमल ने खुलासा किया कि उसने बुलंदशहर कलेक्ट्रेट में कार्यरत बाबू सागर तोमर को ऑनलाइन 30 हजार रुपये ट्रांसफर किए थे। इसके बदले में सागर तोमर ने उसे संदिग्ध स्वतंत्रता सेनानी प्रमाण पत्र उपलब्ध कराया। कोतवाली प्रभारी ने जनकारी देते हुए बताया कि जाँच के दौरान सागर तोमर की संलिप्तता स्पष्ट होने के बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
अन्य पहलुओं की जाँच में जुटी पुलिस
पुलिस अब यह भी जाँच कर रही है कि आरोपी ने इससे पहले और कितने फर्जी प्रमाण पत्र बनाए हैं और कहीं इसमें कोई बड़ा रैकेट तो सक्रिय नहीं है। जल्द ही इस पूरे गिरोह का पर्दाफाश किया जाएगा।
यह भी पढ़ें: Himachal News: किसान अब इस तारीख़ तक करवा सकेंगे मक्की और धान की फसलों का बीमा