UP CRIME: चित्रकूट में सेवानिवृत्त इंजीनियर से 41.49 लाख की साइबर ठगी

by Manu
डिजिटल अरेस्ट

चित्रकूट, 23 दिसंबर 2025: साइबर ठगों ने एक बार फिर बड़ी चालाकी दिखाई है। सेवानिवृत्त अधिशासी अभियंता घनश्याम बाबू सिंह को आतंकवादी की मदद करने के नाम पर डिजिटल अरेस्ट कर 41.49 लाख रुपये ठग लिए गए। पहाड़ी थाना क्षेत्र के प्रसिद्धपुर निवासी पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।

पीड़ित ने बताया कि वह विद्युत विभाग में अधिशासी अभियंता थे और 2015 में सेवानिवृत्त होकर गांव प्रसिद्धपुर में रहने लगे थे। 9 दिसंबर 2025 को उन्हें एक अज्ञात नंबर से फोन आया। कॉल करने वाले ने खुद को पुणे के कमिश्नर हेड कांस्टेबल रणजीत कुमार बताया। कहा कि अफजल खान नाम के आतंकवादी ने उनके आधार कार्ड से एडीएफसी बैंक में खाता खोला है। उस खाते से गलत तरीके से लेन-देन हुआ है। एटीएस ने प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तारी का आदेश जारी किया है।

फिर फोन पर एटीएस इंस्पेक्टर शिवकुमार पांडे से बात कराई गई। उन्होंने दावा किया कि अफजल खान ने एनआईए कोर्ट में बयान दिया है कि उसे 70 लाख रुपये दिए हैं। जांच चल रही है। 200 लोग पकड़े जा चुके हैं। गिरफ्तारी से बचने के लिए मदद करनी होगी। परिजनों को जानकारी देने से मना किया गया।

19 दिसंबर तक वीडियो और ऑडियो कॉल के जरिए बातचीत होती रही। ठगों ने चल-अचल संपत्ति की जानकारी ली। अंत में घनश्याम सिंह ने पंजाब एंड सिंध बैंक शाखा से 40 लाख रुपये और कुल 41.49 लाख रुपये भेज दिए।

बाद में जब सच्चाई पता चली तो पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

ये भी देखे: लखनऊ में रिटायर्ड IAS से साइबर ठगी, डिजिटल अरेस्ट के जरिए 12 लाख रुपये लूटे

You may also like