राजपुरा, 22 मार्च: राजपुरा-अंबाला नैशनल हाईवे पर स्थित शंभू के पास गुरुवार शाम एक बेकाबू ट्रक ने कई वाहनों को टक्कर मार दी, जिससे हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में करीब आधा दर्जन वाहन चपेट में आ गए। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, ट्रक के ब्रेक फेल होने के कारण यह हादसा हुआ।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, शाम करीब 5:15 बजे अंबाला की ओर जाने वाले वाहन हाईवे पर पुल के पास खड़े थे, तभी एक तेज रफ्तार बेकाबू ट्रक ने एक के बाद एक कई गाड़ियों को टक्कर मार दी। कुछ लोग कारों में फंस गए, जिन्हें राहगीरों और पुलिस की मदद से बड़ी मुश्किल से बाहर निकाला गया।
घायलों का अस्पताल में इलाज जारी
हादसे में घायल हुए लोगों को राजपुरा के सरकारी अस्पताल और अंबाला के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। बताया जा रहा है कि कुछ घायलों की हालत गंभीर है और एक व्यक्ति की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
गौरतलब है कि वीरवार को किसानों से शंभू बॉर्डर खाली करवाने के बाद अंबाला और दिल्ली की ओर जाने वाले वाहनों की आवाजाही बढ़ गई थी। इसी दौरान यह दर्दनाक हादसा हुआ। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए यातायात को सुचारू किया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
ये भी देखे: सिरसा में फर्जी वीजा घोटाला: 24 लाख रुपये की ठगी, आरोपी गिरफ्तार