नई दिल्ली, 4 जुलाई 2025: रूस-यूक्रेन युद्ध फरवरी 2022 में शुरू हुआ और अभी तक कोई ठोस शांति समझौता नहीं हो सका है। कई दौर की शांति वार्ताओं के बावजूद स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। जिसमें दोनों पक्षों के बीच सैन्य कार्रवाइयां और राजनयिक गतिरोध जारी है। हाल के घटनाक्रमों में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ 3 जुलाई 2025 को हुई लगभग एक घंटे की फोन वार्ता के बाद निराशा व्यक्त की।
ट्रंप ने जॉइंट बेस एंड्रयूज में संवाददाताओं से कहा कि पुतिन के साथ युद्ध समाप्त करने या शांति समझौते की दिशा में कोई प्रगति नहीं हुई। उन्होंने यह भी बताया कि वह शुक्रवार, 4 जुलाई 2025 को यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की से बात करने वाले हैं ताकि शांति प्रयासों पर चर्चा की जा सके।
ट्रंप 2024 के चुनाव प्रचार के दौरान 24 घंटे में युद्ध समाप्त करने का वादा किया था। अप्रैल 2025 में, उन्होंने ट्रुथ सोशल पर पुतिन से यूक्रेन में नागरिकों पर हमले रोकने और शांति वार्ता शुरू करने की अपील की थी, जिसमें लिखा था, “व्लादिमीर, रुको! हर हफ्ते 5,000 सैनिक मर रहे हैं। शांति समझौता पूरा करो!” हालांकि, क्रेमलिन के सहायक यूरी उशाकोव के अनुसार, पुतिन ने ट्रंप को साफ कहा कि रूस अपने लक्ष्यों जिनमें यूक्रेन का नाटो में शामिल होने का विरोध और रूस द्वारा कब्जाए गए क्षेत्रों को मान्यता देना शामिल है से पीछे नहीं हटेगा।
ये भी देखे: रूस-यूक्रेन शांति वार्ता शामिल नहीं हुई राष्ट्रपति पुतिन, अधिकारियों को भेजा