ट्रंप ने टैरिफ लगाने का किया ऐलान : भारत पर 27 प्रतिशत शुल्क की घोषणा

by TheUnmuteHindi
ट्रंप ने टैरिफ लगाने का किया ऐलान : भारत पर 27 प्रतिशत शुल्क की घोषणा

न्यूयॉर्क, 3 अप्रैल : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 2 अप्रैल की देर रात को वैश्विक आयातों पर भारी-भरकम टैरिफ लगाने का ऐलान कर दिया। इससे दुनियाभर में महंगाई बढऩे का खतरा और बढ़ गया है। बता दें कि अमेरिका ने भारत पर 27 प्रतिशत का जवाबी शुल्क लगाने की घोषणा की है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन का मानना है कि अमेरिकी वस्तुओं पर भारत उच्च आयात शुल्क वसूलता है, ऐसे में अब देश के व्यापार घाटे को कम करने और विनिर्माण को बढ़ावा देने के लिए यह कदम उठाना जरूरी था। इस कदम से अमेरिका को भारत के निर्यात पर असर पडऩे के आसार हैं। हालांकि, विशेषज्ञों का कहना है कि भारत अपने प्रतिद्वंद्वियों की तुलना में बेहतर स्थिति में है, जिन्हें हमसे अधिक शुल्क का सामना करना पड़ेगा।

आधी रात से लागू हो गया है टैरिफ

सभी विदेशी निर्मित ऑटोमोबाइल्स पर अमेरिका का 25 प्रतिशत टैरिफ 2 अप्रैल की आधी रात से लागू हो गया है। उधर, टैरिफ पर ट्रंप के ऐलान से पहले भारतीय कॉमर्स मिनिस्ट्री लगातार अमेरिकी प्रशासन से बातचीत कर रहा था और ऐसी संभावना थीं कि शायद ट्रंप की ओर से भारत पर नरमी बरती जाए, लेकिन, अमेरिकी राष्ट्रपति ने भारत को ज्यादा रियायत नहीं दी है. हालांकि ट्रंप के मुताबिक भारत पर ‘डिस्काउंट के साथ टैक्स’ लगाया गया है। टैरिफ पर डोनाल़् ट्रंप के ऐलान के बाद बॉन्ड में उछाल और डॉलर में तेजी आई. जापान का इंडेक्स निक्केई 4 फीसदी से ज्यादा टूट गया है. वहीं, देर रात को गिफ्ट निफ्टी 1.2 फीसदी की गिरावट के साथ सेटल हुआ. लेकिन एशियाई बाजार में गिरावट से भारतीय मार्केट में भी प्रेशर देखने को मिल सकता है।

शुल्क के प्रभाव का आकलन कर रही है सरकार

वाणिज्य मंत्रालय अमेरिका द्वारा भारत से आयात पर लगाए गए जवाबी शुल्क के प्रभाव का विश्लेषण कर रहा है। एक वरिष्ठ सरकारी अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया, अमेरिका में सभी आयात पर एक समान 10 प्रतिशत का शुल्क पांच अप्रैल से और शेष 16 प्रतिशत शुल्क 10 अप्रैल से लागू होगा।

You may also like