चंडीगढ़, 03 नवंबर 2025: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले के देवा थाना क्षेत्र में देर रात कुतलूपुर गांव के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने सामने से आ रही अर्टिगा कार को जबरदस्त टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे चारों तरफ बिखर गए। कार सवार छह लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। दो अन्य यात्री गंभीर रूप से जख्मी हो गए, जिनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
पुलिस टीम ने ग्रामीणों की मदद से बचाव कार्य तुरंत शुरू किया। कार में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया और घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। मृतकों के शवों को कब्जे में लेने के बाद पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कार पर नंबर प्लेट न होने से मृतकों की शिनाख्त में मुश्किल हो रही है। फिलहाल जांच के दौरान परिजनों से संपर्क साधा जा रहा है। प्रारंभिक जांच में ट्रक की ज्यादा स्पीड और कार का अंधेरे में आना हादसे का मुख्य कारण लग रहा है।
ये भी देखे: बाराबंकी में दर्दनाक हादसा: बस पर पेड़ गिरने से पांच की मौत, सीएम योगी ने जताया शोक