बंगाल के मुर्शिदाबाद में रेल हादसा, स्कूल वाहन ट्रेन की चपेट में आया, 3 छात्रों की मौत, 5 घायल

by Manu
मुर्शिदाबाद में पैसेंजर ट्रेन से टकराई स्कूल की वैन

चंडीगढ़, 17 जुलाई 2026: पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में शुक्रवार सुबह एक स्कूल वाहन यात्री ट्रेन की चपेट में आ गया। इस दुर्घटना में दो छात्रों समेत तीन लोगों की मौके पर मौत हो गई। पांच अन्य छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसा पूर्व रेलवे के सियालदह मंडल के अंतर्गत बहरमपुर थाना क्षेत्र में कर्णसुबर्ण और गोबिंदपुर रेलवे स्टेशन के बीच स्थित लेवल क्रासिंग पर हुआ।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, निजी स्कूल का वाहन छात्रों को लेकर जा रहा था। लेवल क्रासिंग का गेट खुला मिलने पर वाहन उसे पार करने लगा। इसी दौरान निमतिता-काटोया पैसेंजर ट्रेन आ गई और स्कूल वाहन से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

वाहन में चालक समेत कुल आठ लोग सवार थे। मृतकों में दो छात्र और एक साइकिल सवार शामिल हैं।

स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि पहले अप लाइन से एक ट्रेन गुजरने तक फाटक बंद था। उसके बाद फाटक खोल दिया गया, लेकिन दूसरी लाइन से ट्रेन आने की सूचना के बावजूद फाटक खुला रहने के कारण यह हादसा हुआ है।

ये भी देखे: ईडी ने पश्चिम बंगाल में पूर्व DCP शांतनु सिन्हा और सोना पप्पू के 9 ठिकानों पर की छापामारी

You may also like