मनाली, 27 जनवरी 2026: हिमाचल प्रदेश की पर्यटन नगरी मनाली में पुलिस की सतर्कता ने एक बार फिर बड़ी अनहोनी को टाल दिया। मनाली पुलिस ने सोलंग नाला और अटल टनल के बीच भारी बर्फबारी के कारण फंसे दो पर्यटकों को सुरक्षित रेस्क्यू किया। दोनों युवक फर्स्ट स्नो गैलरी (धुंधी) के पास करीब 4.5 फीट गहरी बर्फ में फंस गए थे।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मंगलवार सुबह कंट्रोल रूम को फोन पर सूचना मिली कि दो व्यक्ति धुंधी के पास बर्फ में फंसे हुए हैं और निकल नहीं पा रहे। कड़कड़ाती ठंड और गहरी बर्फ से उनकी जान को खतरा था। सूचना मिलते ही अटल टनल सुरक्षा में तैनात पुलिस टीम तुरंत हरकत में आई।
टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। पुलिस जवानों ने फर्स्ट स्नो गैलरी धुंधी के पास से दोनों युवकों को सकुशल बाहर निकाला। उन्हें सुरक्षित मनाली लाया गया। रेस्क्यू किए गए युवकों की पहचान रामेश्वर (28 वर्ष) निवासी झारखंड और दीपक (19 वर्ष) निवासी उत्तर प्रदेश के रूप में हुई। दोनों अब पूरी तरह सुरक्षित हैं।
मनाली पुलिस ने पर्यटकों से अपील की है कि वे बर्फबारी वाले इलाकों में विशेष सावधानी बरतें। प्रतिबंधित या जोखिम भरे क्षेत्रों में बिना तैयारी के न जाएं।
ये भी देखे: मनाली-लाहौल में हिमपात का दौर, घाटी में बारिश से ठंड ने किया कंबल ओढ़ने को मजबूर