चंडीगढ़, 14 अगस्त 2025: पंजाब के कई हिस्सों में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। अमृतसर, कपूरथला, होशियारपुर, फिरोजपुर और गुरदासपुर जैसे जिलों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 16 अगस्त तक यलो अलर्ट जारी किया है और लोगों से नदियों व निचले इलाकों से दूर रहने की अपील की है।
ब्यास नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर
बुधवार को पौंग डैम का जलस्तर 1650 फीट तक पहुंच गया, जिसके चलते 57,087 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। इससे ब्यास नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर चला गया, जिसने कपूरथला, गुरदासपुर, अमृतसर और होशियारपुर के निचले इलाकों में बाढ़ की स्थिति पैदा कर दी। सतलुज नदी का जलस्तर भी बढ़ रहा है, जिससे फिरोजपुर और तरनतारन में खतरा बढ़ गया है
कपूरथला में धुस्सी बांध टूटा, 16 गांव डूबे
कपूरथला के मांड क्षेत्र में ब्यास नदी ने किसानों द्वारा बनाए गए अस्थायी बांध को तोड़ दिया, जिससे भैंणी कादर, बौपुर, माहिवाल, रामपुर गौरा, संगड़ा, पास्सन कदीम सहित 16 गांवों में पानी घुस गया। हजारों एकड़ में खड़ी धान की फसल बर्बाद हो गई और कई घरों में पानी भर गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि बाढ़ ने उनकी आजीविका को तबाह कर दिया है। प्रशासन ने प्रभावित गांवों से करीब 5,000 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है।
ये भी देखे: हरियाणा में बाढ़ नियंत्रण को लेकर महत्वपूर्ण कदम, 15 अप्रैल तक तैयार होगा प्रस्ताव