चंडीगढ़, 15 अगस्त 2025: पंजाब में स्वतंत्रता दिवस 2025 के शांतिपूर्ण आयोजन को सुनिश्चित करने के लिए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देश पर पंजाब पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया है। इसके तहत हर जिले में विशेष पुलिस महानिदेशक (स्पेशल डीजीपी), अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजीपी) और पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) जैसे वरिष्ठ अधिकारियों को तैनात किया गया है। ये अधिकारी अपने-अपने जिलों में पुलिस और सुरक्षा प्रबंधों की व्यक्तिगत रूप से निगरानी करेंगे।
पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव के निर्देशानुसार, ये वरिष्ठ अधिकारी फुल ड्रेस रिहर्सल के दौरान पुलिस बल को ब्रीफ करेंगे, आतंकवाद विरोधी अभियानों की समीक्षा करेंगे, सभी सरकारी और अन्य आयोजनों की सुरक्षा सुनिश्चित करेंगे और आवश्यक निवारक उपाय लागू करेंगे। पटियाला में सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी कर रहे स्पेशल डीजीपी अरपित शुक्ला ने बताया कि पंजाब पुलिस स्वतंत्रता दिवस के सुचारू और शांतिपूर्ण आयोजन के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कहा कि सभी फील्ड इकाइयों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए गए हैं।
ये भी देखे: चंडीगढ़ में स्वतंत्रता दिवस समारोह के लिए सैक्टर-17 परेड ग्राउंड के पास ट्रैफिक ADVISORY जारी