अमृतसर, 02 जून 2025: अमृतसर देहात पुलिस की स्पेशल सेल ने एक बड़ी आतंकी साजिश को नाकाम करते हुए पाकिस्तान से हथियार तस्करी करने वाले गिरोह के तीन सदस्यों को रविवार दोपहर गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों से आठ विदेशी पिस्तौल, दस कारतूस, तीन मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई। इस मामले में लोपोके थाने में केस दर्ज किया गया है।
एसएसपी मनिंदर सिंह ने बताया कि गिरोह के बाकी सदस्यों को पकड़ने के लिए छापेमारी जारी है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वनिके गांव के फतेहबीर सिंह उर्फ गांधी, जगरूप सिंह उर्फ लाली और रंजीत सिंह उर्फ काका के रूप में हुई है। स्पेशल सेल के इंचार्ज इंस्पेक्टर सतविंदर सिंह को सूचना मिली थी कि ये लोग मोटरसाइकिल पर हथियारों की खेप लेकर सप्लाई करने जा रहे हैं।
इसके आधार पर पुलिस ने बराड़ और ख्याला गांव को जोड़ने वाली सड़क पर नाकाबंदी की। जैसे ही आरोपियों को बाइक पर आते देखा गया, उन्हें रुकने का इशारा किया गया, लेकिन उन्होंने बाइक मोड़कर भागने की कोशिश की। पुलिस ने पीछा कर उन्हें धर दबोचा।
पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि ये हथियार कुछ दिन पहले पाकिस्तानी तस्करों ने ड्रोन के जरिए भारतीय सीमा में गिराए थे, जिन्हें उन्होंने इकट्ठा किया था। रविवार को वे इन्हें सप्लाई करने जा रहे थे। बरामद मोबाइल फोनों से अन्य संदिग्धों के नंबर मिले हैं, जिन्हें पकड़ने के लिए छापेमारी की जा रही है।
ये भी देखे: अमृतसर एयरपोर्ट पर DRI की टीम ने विदेशी मुद्रा तस्करी का किया भंडाफोड़