गुरदासपुर पुलिस चौकी पर हमला करने वाले मुठभेड़ में ढेर

खालिस्तान जिंदाबाद फोर्स के थे मैंबर

by TheUnmuteHindi
गुरदासपुर पुलिस चौकी पर हमला करने वाले मुठभेड़ में ढेर

गुरदासपुर पुलिस चौकी पर हमला करने वाले मुठभेड़ में ढेर
खालिस्तान जिंदाबाद फोर्स के थे मैंबर
नई दिल्ली, 23 दिसंबर : गत दिनों गुरदासपुर में एक पुलिस चौकी पर ग्रेनेड हमले में संलिप्त खालिस्तान जिंदाबाद फोर्स के मेंबरों की आज पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में तीन लोगों की मौत होने का समाचार प्राप्त हुआ है। जानकारी के अनुसार ग्रेनेड से हमला करने के मामले में कथित रूप से संलिप्त तीन संदिग्ध आतंकवादी सोमवार को पीलीभीत में उत्तर प्रदेश और पंजाब पुलिस की संयुक्त टीम के साथ हुई मुठभेड़ में मारे गए। पंजाब के पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने इसे पाकिस्तान प्रायोजित ‘खालिस्तान जिंदाबाद फोर्स’ मॉड्यूल के खिलाफ एक बड़ी कामयाबी करार दिया। अपराधियों की पहचान गुरदासपुर के निवासी गुरविंदर (25), वीरेंदर सिंह (23) और जसन प्रीत सिंह उर्फ प्रताप सिंह (18) रूप में हुई है। मुठभेड़ उत्तर प्रदेश के पीलीभीत के पूरनपुर पुलिस थाना क्षेत्र में हुई। उत्तर प्रदेश पुलिस के अतिरिक्त महानिदेशक (कानून व्यवस्था) ने बताया कि तीनों गुरदासपुर में एक पुलिस चौकी पर ग्रेनेड हमले में संलिप्त थे। उन्होंने कहा, ‘‘मुठभेड़ के दौरान पुलिस की गोली लगने से तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें तुरंत पूरनपुर के सामुदायिक स्वास्थ केंद्र ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान तीनों की मौत हो गई।
आतंकी माडयूल का खुलासा करने के लिए जांच जारी : अधिकारी
इस संबंधी जानकारी देते अधिकारियों ने कहा कि यह आतंकी मॉड्यूल पंजाब के सीमावर्ती क्षेत्रों में पुलिस चौकी पर ग्रेनेड हमलों में संलिप्त है। पंजाब के पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने कहा कि पूरे आतंकी मॉड्यूल का खुलासा करने के लिए जांच जारी है। उन्होंने बताया कि उनके पास से दो एके-47 राइफल और दो ग्लॉक पिस्तौल तथा कई कारतूस बरामद किए गए हैं। पंजाब पुलिस प्रमुख ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘पाकिस्तान प्रायोजित खालिस्तान जिंदाबाद फोर्स के आतंकी मॉड्यूल के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल हुई। उत्तर प्रदेश पुलिस और पंजाब पुलिस के एक संयुक्त अभियान में संगठन के तीन सदस्य मारे गए, जिन्होंने पुलिस दल पर गोलीबारी की और जवाबी कार्रवाई में वह मारे गए।

You may also like