सांसद पप्पू यादव द्वारा दिए बंद के आह्वान के तहत जमकर हुआ बवाल

प्रदर्शनकारियों ने तोडफ़ोड़ व मारपीट की, पुलिस ने की एफआईआर दर्ज

by TheUnmuteHindi
सांसद पप्पू यादव द्वारा दिए बंद के आह्वान के तहत जमकर हुआ बवाल

सांसद पप्पू यादव द्वारा दिए बंद के आह्वान के तहत जमकर हुआ बवाल
प्रदर्शनकारियों ने तोडफ़ोड़ व मारपीट की, पुलिस ने की एफआईआर दर्ज
पटना : बीपीएससी परीक्षा में धांधली को लेकर चल रहे बवाल के दौरान सांसद पप्पू यादव के द्वारा बंद का आह्वान दिया गया था, जिसके तहत आज प्रदर्शनकारियों ने जमकर बवाल किया और तोडफ़ोड़ की। प्रदर्शनकारियों पर पुलिस द्वारा एफआईआर भी दर्ज की गई है। जानकारी के अनुसार बीपीएससी में कथित गड़बड़ी के आरोप में पूर्णिया सांसद पप्पू यादव के आह्वान पर रविवार को बुलाए गए बंद के दौरान समर्थकों ने जमकर आक्रोश जाहिर किया। इस दौरान बंद के समर्थकों पर तोडफ़ोड़ व मारपीट का आरोप भी लगाया गया है। इसको लेकर सांसद व समर्थकों पर कोतवाली व गांधी मैदान थाने में अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की गई है। बीपीएससी की 70वीं पीटी रद कराने व अन्य मांगों को लेकर सुबह 10 बजे अशोक राजपथ पर साइंस कालेज के सामने बंद समर्थक जुटे। यहां से छात्र युवा मोर्चा संघ के सदस्यों ने प्रदर्शन शुरू किया। रास्ते में दुकानें बंद कराती समर्थकों की भीड़ कारगिल चौक होते हुए डाकबंगला चौराहे की ओर बढ़ी। इस क्रम में मेट्रो निर्माण में लगी हाईवा में तोडफ़ोड़ की गई, जिसे लेकर पुलिस द्वारा कार्रवाई की जा रही है।
200 लोगों पर किया मामला दर्ज
इस प्रदर्शन के दौरान दुकानों को जबरन बंद कराया गया। वाहनों के शीशे तोड़े, इसका वीडियो भी सामने आया है. जिसके बाद पप्पू यादव समेत करीब 200 लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की गयी है। पटना के कोतवाली थाने में 150 लोगों पर केस है तो गांधी मैदान थाने में भी करीब 50 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी है। दर्जन भर से अधिक उपद्रवियों को हिरासत में लिया गया और बांड भरवाकर छोड़ा गया।

You may also like