भोजपुरी के पावर स्टार पवन सिंह के घर में चोरी, जूलरी राइफल की गोलियां और नकदी लेकर फरार

by Manu
पवन सिंह

आरा, 24 जून 2025: Pawan Singh House Robbery: भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्टार पवन सिंह के बिहार के आरा स्थित दूसरे घर में 23 जून 2025 की रात चोरों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। यह घटना नगर थाना क्षेत्र के मझौंवा वार्ड नंबर 5 में हुई, जहां चोरों ने खिड़की को पेचकस से खोलकर घर में प्रवेश किया और करीब 15 लाख रुपये की जूलरी, 30 राइफल की गोलियां, और 15 हजार रुपये नकद चुराकर फरार हो गए।

घटना के समय घर में पवन सिंह के सास-ससुर, कलावती देवी और सुनील कुमार सिंह, मौजूद थे, जो दूसरे कमरे में सो रहे थे। सुबह जब दरवाजा नहीं खुला, तो सुनील ने बाहर जाकर देखा और चोरी का पता चला। चुराए गए गहनों में दो कंगन, लक्ष्मी चैन, नवाबी चैन, मंगलसूत्र, दो सिकड़ी, दो अंगूठी, और चार जोड़ी छागल शामिल हैं, जिनकी कीमत लगभग 15 लाख रुपये है।

पवन सिंह के भाई रानू सिंह ने नगर थाने में FIR दर्ज कराई और बताया कि चोर घर में रखी राइफल नहीं ले जा सके, जो एक राहत की बात है। इस घर में पवन सिंह का एक स्टूडियो भी है, लेकिन चोर वहां तक नहीं पहुंचे।

भोजपुर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू की। SP को सूचना दी गई, और FSL टीम घटनास्थल पर जांच के लिए पहुंची। इलाके के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं, और पुलिस को जल्द ही चोरों को पकड़ने की उम्मीद है।

ये भी देखे: समस्तीपुर: व्यवसायी से चोरी मामले में 7 अपराधी गिरफ्तार, 20 लाख के गहने और नकदी बरामद

You may also like