पटियाला संगीत समारोह का दूसरा एडिशन 18 से 21 दिसंबर कालिदास ऑडिटोरियम में
कई नामचीन शास्त्रीय गायक और वादकों की चारों दिन प्रस्तुति
पटियाला : कलाग्राम उत्सव के सफलतापूर्वक संपन्न होने के तुरंत पश्चात उत्तर क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र द्वारा पिछले वर्ष शुरू हुए पटियाला संगीत समारोह की इस वर्ष की तारीखों को घोषित कर दिया गया है। इस वर्ष ये समारोह 18 दिसंबर से 21 दिसंबर तक पटियाला के कालिदास ऑडिटोरियम में ही आयोजित होगा । चार दिवसीय समारोह में शास्त्रीय संगीत के मशहूर गायक पटियाला घराने के शांतनु भट्टाचार्य की प्रस्तुति से समारोह की शुरूआत होगी तथा अंतिम दिवस बेंगलूर की अनुपमा भागवत के सितार वादन से इस समारोह का समापन होगा । शिमला के गुंजन चन्ना, पटियाला के अलंकार सिंह, मुंबई की रोंकिनी गुप्ता, दिल्ली के उदय प्रकाश मलिक और जयपुर के सौरभ वशिष्ठ अपनी शास्त्रीय गायकी से दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगे ।
इसी प्रकार योगेश शम्सी के तबला और तन्मय दवचके के हारमोनियम की जुगलबंदी और राजेंद्र प्रसन्ना के बांसुरी वादन की प्रस्तुति भी इस समारोह में शामिल की गई है ।
ज्ञात रहे कि पटियाला घराने की शास्त्रीय गायकी के सम्मान स्वरूप इस समारोह की शुरुआत पिछले वर्ष ही की गई थी जिसे बहुत अधिक सराहना मिलने के कारण सुधि जनों की मांग पर इसे केंद्र के वार्षिक कलेंडर में शामिल कर लिया गया ।
केंद्र निदेशक फुरकान खान का कहना है कि हिन्दुस्तानी शास्त्रीय संगीत में पटियाला घराने का महत्वपूर्ण स्थान है परंतु कोई भी बड़ा समारोह इसके सम्मान में आयोजित नहीं होता था । इसलिए पटियाला घराने के सम्मान में और हिन्दुस्तानी शास्त्रीय संगीत को समर्पित इस समारोह की शुरुआत पटियाला में की गई । समारोह के चारों दिन प्रवेश निःशुल्क रहेगा ।
पटियाला संगीत समारोह का दूसरा एडिशन 18 से 21 दिसंबर कालिदास ऑडिटोरियम में
कई नामचीन शास्त्रीय गायक और वादकों की चारों दिन प्रस्तुति
54