पंजाब विधानसभा विशेष सत्र का पहला दिन सिर्फ 11 मिनट में समाप्त, कार्यवाही स्थगित

by Manu
भगवंत मान

चंडीगढ़, 10 जुलाई 2025: पंजाब विधानसभा का विशेष सत्र 10 जुलाई को सुबह 11 बजे शुरू हुआ, जो मात्र 11 मिनट तक चला। इस दौरान सदन में कई दिवंगत व्यक्तियों को श्रद्धांजलि दी गई। इनमें तरनतारन के विधायक डॉ. कश्मीर सिंह सोहल, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुखदेव सिंह ढींडसा, लेखक डॉ. रतन सिंह जग्गी, शहीद नायक सुरिंदर सिंह, लांस नायक बलजीत सिंह, और लांस नायक गुरप्रीत सिंह शामिल थे। साथ ही, जून 2025 में अहमदाबाद विमान दुर्घटना में मारे गए 260 लोगों को भी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अमन अरोड़ा ने अहमदाबाद विमान हादसे के पीड़ितों को श्रद्धांजलि देने की मांग की और अबोहर के कपड़ा व्यवसायी संजय वर्मा की हत्या का मुद्दा उठाया। उन्होंने संजय वर्मा को भी श्रद्धांजलि देने की अपील की। विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा ने कहा कि संजय वर्मा की हत्या लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने इसलिए की, क्योंकि उन्होंने गैंग के संदेश को गंभीरता से नहीं लिया।

स्पीकर कुलतार सिंह संधवान ने सभी दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि दी, जिसके बाद सदन में दो मिनट का मौन रखा गया। इसके बाद कार्यवाही को 11 जुलाई 2025 को सुबह 10 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया।

यह विशेष सत्र मुख्य रूप से बेअदबी (पवित्र ग्रंथों के अपमान) के मामलों में सख्त कानून बनाने पर चर्चा के लिए बुलाया गया है। सत्र के अगले दिन इस मुद्दे पर विस्तृत चर्चा और संभावित विधेयक पेश किए जाने की उम्मीद है।

ये भी देखे: पंजाब विधानसभा: हरियाणा से पानी विवाद को लेकर विधानसभा में हंगामा

You may also like