श्रीनगर पुलिस ने पकड़ा कश्मीर का सबसे बड़ा सोने का ठग रैकेट, मास्टरमाइंड महिला जालंधर से धराई

by Manu
श्रीनगर पुलिस

श्रीनगर, 21 नवंबर 2025: श्रीनगर पुलिस ने कश्मीर घाटी में महीनों से चल रहे सोने की धोखाधड़ी और चोरी के बड़े रैकेट का पर्दाफाश कर दिया। रैकेट की मास्टरमाइंड महिला असमत जान उर्फ तब्बू और उसके दो साथियों को गिरफ्तार कर लिया गया। तब्बू लाल बाजार, सफाकदल, चदूरा, सोपोर और ख्रेव (अवंतीपोरा) में दर्ज कई धोखाधड़ी के मामलों में वॉन्टेड चल रही थी।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी लंबे समय से फरार थी। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह पश्चिम बंगाल, पंजाब, महाराष्ट्र और जम्मू के बीच लगातार लोकेशन बदलती रहती थी। खुफिया इनपुट मिलने पर SDPO और जोनल SP की निगरानी में लाल बाजार थाने की पांच टीमों ने लगातार छापेमारी की। आखिरकार उसे पंजाब के जालंधर में होटल व्हाइट हाउस से दबोच लिया गया।

कश्मीर गोल्ड एसोसिएशन ने पहले भी तब्बू के नाम से पूरे इलाके के ज्वेलर्स को अलर्ट जारी किया था। वह दुकानदारों को फर्जी ऑर्डर देकर सोना लेकर गायब हो जाती थी। कई बार नकली सोना देकर असली सोना बदल लेती थी। लाखों रुपये की ठगी के दर्जनों मामले उसके खिलाफ थे।

लाल बाजार पुलिस ने BNS की धारा 303(2) और 318(4) के तहत FIR नंबर 42/2025 दर्ज की है। आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर श्रीनगर लाया जा रहा है। पूछताछ में रैकेट के बाकी सदस्यों और बरामद सोने का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।

ये भी देखे: श्रीनगर के नवगाम पुलिस स्टेशन में जोरदार धमाका, कई लोगों की मौत की आशंका

You may also like