शिमला, 06 जनवरी 2026: हिमाचल प्रदेश में कड़ाके की ठंड का कहर जारी है। जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति के ताबो में इस सीजन का सबसे कम न्यूनतम तापमान माइनस 10.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बीते दिन यहां 10.2 डिग्री सेल्सियस था। राज्य के चार अन्य स्थानों पर भी न्यूनतम पारा माइनस में पहुंच गया है। शिमला सहित 22 स्थानों पर न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से कम रहा। इससे ठिठुरन और बढ़ गई है। पहाड़ों के साथ-साथ मैदानी और मध्यम ऊंचाई वाले इलाकों में भी रातें बेहद सर्द हो गई हैं।
सोलंगनाला और अटल टनल में मंगलवार सुबह हल्की बर्फबारी हुई। सड़क पर बर्फ जमने के कारण साधारण वाहनों को सोलंगनाला से आगे जाने की अनुमति नहीं दी गई। फोर-बाई-फोर वाहनों में सवार पर्यटकों ने अटल टनल होकर लाहौल का रुख किया। बर्फ के बीच पर्यटकों ने खूब मस्ती की। धुंध के कारण कई वाहन फंस भी गए।
दोपहर में मौसम खुलने के बाद सभी वाहनों को अटल टनल की ओर भेजा गया। सैलानियों ने बर्फ के बीच ठंड का मजा लिया।
ये भी देखे: Himachal Weather: हिमाचल में ठंड और कोहरे का कहर जारी, उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी के आसार