भिवानी, 10 जुलाई 2025: हरियाणा के भिवानी जिले में बुधवार को बवानीखेड़ा रोड पर गांव बलियाली के पास एक स्कूल बस हादसे का शिकार हो गई। रेनबो इंटरनेशनल स्कूल भिवानी खेड़ा की बस जिसमें करीब 50 बच्चे सवार थे अचानक सड़क से उतरकर 7-8 फुट गहरे खेत में जा गिरी। हादसे के बाद बस में सवार बच्चे डर के मारे चीखने-चिल्लाने लगे और कई बच्चे घायल हो गए।
स्थानीय लोगों के अनुसार, जब बस स्कूल की ओर जा रही थी। खेत में काम कर रहे लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। कुछ लोगों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस और स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंचा और घायल बच्चों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, 15 बच्चे घायल हुए हैं, जिनमें से तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों को भिवानी के सिविल अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद कुछ को हिसार रेफर किया गया है।
बस चालक ने पुलिस को बताया कि वह बच्चों को लेकर स्कूल जा रहा था। बलियाली गांव से 1-2 किलोमीटर की दूरी पर एक संकरी सड़क पर सामने से एक प्राइवेट कंपनी की बस आ रही थी। सड़क तंग होने के कारण चालक ने अपनी बस को किनारे करने की कोशिश की, लेकिन इस दौरान बस बेकाबू होकर सड़क से नीचे खेत में जा गिरी।
पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है और चालक से पूछताछ की जा रही है।
ये भी देखे: जालंधर में स्कूल बस ने चार गाड़ियों को मारी टक्कर, नशे में बताया जा रहा ड्राइवर