सहारनपुर: भजन गाते गाते हुई गायक की मौत

by chahat sikri
भजन गाते गाते हुई गायक की मौत

सहारनपुर, 3 अप्रैल 2025:  सहारनपुर में आवास विकास कॉलोनी स्थित श्री हरि मंदिर में चलो बुलावा आया है माता ने बुलाया है…गाते-गाते हरीश मासटा का निधन हो गया है।उनकीं उम्र 60 साल थी।  चिकित्सक ने बताया कि हरीश मासटा की मौत हृदयाघात से हुई है।

इन दिनों चैत्र नवरात्र के चलते आवास विकास स्थित श्री हरि मंदिर में धार्मिक आयोजन किए जा रहे हैं। मंगलवार रात मंदिर में भजन संध्या चल रही थी। अलग-अलग कॉलोनी से श्रद्धालु भजन संध्या में शामिल हुए।

शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला जाफर नवाज निवासी हरीश मासटा भजन मंडली में चलो बुलावा आया है भजन गा रहे थे। आधा भजन वह गा चुके थे। इसी दौरान वह बैठे-बैठे पीछे की तरफ गिर गए। बराबर में बैठे भजन मंडली के सदस्यों ने हाथ लगाकर देखा तो उनके हाथ व पैर ठंडे थे।

इसके बाद उन्हें दिल्ली रोड स्थित एक निजी अस्पताल में ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने ईसीजी सहित अन्य जांच कराई, लेकिन उनकी कुछ देर बाद ही मौत हो गई। पता लगने पर परिजन भी अस्पताल पहुंच गए थे। चिकित्सक ने बताया कि हरीश मासटा की हृदय गति रुकने के कारण मौत हुई है।

कंपनी बाग में भी भजन गाते थे हरीश

हरीश मासटा रामकृष्ण मॉर्निंग परिवार और हैप्पी मार्निंग क्लब के सदस्य रहे। वह अन्य सदस्यों के साथ कंपनी बाग में जाते थे और माता के भजन गाते थे। उनके दो बेटे हैं। बुधवार को अंतिम संस्कार किया।

यह भी देखे: आगरा: रील बनाने के शौक ने ली महिला की जान

 

You may also like