रोहतक, 29 अगस्त 2025: रोहतक के नवनियुक्त जिला उपायुक्त (डीसी) सचिन गुप्ता जिले की समस्याओं को समझने और समाधान के लिए लगातार सक्रिय हैं। वे रोजाना विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर रहे हैं और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे हैं। शुक्रवार सुबह वे अचानक सांपला तहसील कार्यालय पहुंचे और वहां रिकॉर्ड की जांच की। इस दौरान उन्हें कई खामियां मिलीं, जिनके लिए अधिकारियों को तत्काल दिशा-निर्देश दिए गए और स्पष्टीकरण मांगा गया। इस मौके पर स्थानीय लोगों ने भी डीसी के सामने अपनी समस्याएं रखीं।
डीसी सचिन गुप्ता ने बताया कि बाढ़ नियंत्रण के लिए वे जिले में जगह-जगह दौरा कर रहे हैं। जहां भी जलभराव की समस्या है या भविष्य में होने की संभावना है, वहां अधिकारियों को अल्पकालिक और दीर्घकालिक समाधान के लिए प्रोजेक्ट तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। उनका लक्ष्य है कि भविष्य में आम जनता को जलभराव से कोई परेशानी न हो।
उन्होंने यह भी बताया कि जिले को आवारा पशु मुक्त (कैटल फ्री) करने के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। अगले एक से डेढ़ महीने में रोहतक जिला पूरी तरह से आवारा पशुओं से मुक्त हो जाएगा। डीसी ने लोगों से सहयोग की अपील की और आश्वासन दिया कि जिले की सभी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।
ये भी देखे: एनकाउंटर में 5,000 रुपये के इनामी बदमाश नितिन रोहतकिया गिरफ्तार, पैर में लगी गोली