मुंबई, 02 जून 2025: BCCI के मौजूदा अध्यक्ष रोजर बिन्नी का कार्यकाल अगले महीने समाप्त होने वाला है। इसके बाद बताया जा रहा है कि राजीव शुक्ला BCCI के नए अध्यक्ष बनेंगे। एक समाचार एजेंसी ने बीसीसीआई सूत्रों के हवाले से बताया कि राजीव शुक्ला अगले महीने बोर्ड अध्यक्ष के तौर पर रोजर बिन्नी की जगह लेंगे।
राजीव शुक्ला पहले बनेंगे कार्यवाहक अध्यक्ष
एक रिपोर्ट के मुताबिक शुक्ला को पहले 3 महीने के लिए बीसीसीआई का कार्यवाहक अध्यक्ष बनाया जाएगा। सितंबर में बीसीसीआई की सालाना आम बैठक होने पर शुक्ला पूर्णकालिक अध्यक्ष के तौर पर चुनाव लड़ सकेंगे।
रोजर बिन्नी अक्टूबर 2022 में बीसीसीआई के अध्यक्ष बने थे। उन्होंने पूर्व कप्तान सौरव गांगुली की जगह ली थी। वे 19 जुलाई को 70 साल के हो जाएंगे, इसलिए उनका कार्यकाल खत्म हो रहा है। जस्टिस लोढ़ा कमेटी की सिफारिशों पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले के मुताबिक बीसीसीआई का कोई भी पदाधिकारी 70 साल से ज्यादा उम्र का नहीं हो सकता है। इसलिए अगले महीने बीसीसीआई को नया अध्यक्ष चुनना होगा।
राजीव शुक्ला फिलहाल 2020 से बीसीसीआई के उपाध्यक्ष हैं। खबरों के मुताबिक शुक्ला कार्यवाहक अध्यक्ष ही बनेंगे। सितंबर में नए पूर्णकालिक अध्यक्ष का चुनाव हो सकता है।
ये भी देखे: बीसीसीआई ने आईपीएल फ्रैंचाइजी के लिए नए एसओपी लागू किए